
राजस्थान पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन के आह्वान पर रविवार (10 मार्च) को सुबह 6 बजे से प्रदेश के पेट्रोल पंपों पर बंद रहे। पेट्रोल-डीजल पर वैट (वैल्यू एडेड टैक्स) की दरों में कमी की मांग को लेकर ये हड़ताल की गई। हड़ताल 12 मार्च (सुबह 6 बजे) तक जारी रहेगी। हालांकि जयपुर जिला पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन की मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ से वार्ता के बाद हड़ताल खत्म कर दी।
राजस्थान पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष राजेंद्र सिंह भाटी ने बताया कि जयपुर में बोर्ड एग्जाम की वजह से 12 मार्च को पंप संचालकों की हड़ताल स्थगित रहेगी। जबकि प्रदेश भर में हड़ताल जारी रहेगी। इसके साथ ही जयपुर में सचिवालय घेराव के लिए रैली भी निकली जाएगी।
इससे पहले रविवार को कई जिलों के पेट्रोल पंप संचालक हड़ताल में शामिल नहीं हुए। जोधपुर, कोटा, टोंक, भीलवाड़ा, अजमेर, जैसलमेर, अलवर, उदयपुर, बाड़मेर समेत 15 जिलों में पेट्रोल पंप खुले हैं।
वहीं, सीकर में केवल एक दिन की हड़ताल है। बंद पेट्रोल पंपों पर इमरजेंसी सर्विस से जुड़े वाहनों को छोड़कर किसी भी वाहन में डीजल और पेट्रोल नहीं भरा जा रहा।
जयपुर सहित इंटर स्टेट बॉर्डर वाले जिलों में हड़ताल का अधिक असर है। यहां से लोग यूपी, हरियाणा में पेट्रोल-डीजल भरवाने जा रहे हैं। वहीं, हड़ताल से सरकार को डेली 35 करोड़ के राजस्व का नुकसान हो रहा है। उदयपुर, जयपुर में टूरिस्टों को भी परेशानी हो रही है।