
ग्रेटर नोएडा एक्सटेंशन की गौर सिटी में 20 मंजिल के अपार्टमेंट में गुरुवार सुबह भीषण आग लग गई। आग टॉवर के दूसरी और तीसरी मंजिल के फ्लैट में लगी है। इसके बाद धुएं ने पूरे टॉवर को अपनी जद में ले लिया। टॉवर में कई लोगों के फंसे होने की आशंका है। फायर बिग्रेड की टीम मौके पर पहुंच गई है। लेकिन, धुआं के चलते वह ऊपर तक नहीं पहुंच पा रही है।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दूसरी मंजिल के एक फ्लैट में रहने वाले अजय सिंह फ्लैट को बंद करके कहीं गए हुए थे। उसी बंद फ्लैट में आग लगी। उसके बाद तीसरी मंजिल तक पहुंच गई। अब तक की सूचना के मुताबिक, दो फ्लैट पूरी तरह जल गए हैं। अंदर फंसे लोगों पर अभी पुलिस और फायर बिग्रेड ने कोई जानकारी नहीं दी है। अफसरों का कहना है कि पहले आग बुझाने पर फोकस है।
मौके पर दमकल के तीन गाड़ियां पहुंच गई है। बाकी, आसपास से फायर टेंडर को बुलाया गया है। सोसायटी में धुएं के कारण अफरातफरी मची हुई है। कई अन्य फ्लैट्स मे आग फैलने की आशंका है। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है।
फ्लैट में लगी आग से बालकनी के शीशे टूटे
आग की तपिश की वजह से ऊपर के फ्लैट में लगी आग से बालकनी के शीशे तक टूट गए। आग लगने की वजह से टावर में रहने वाले लोग नीचे आए गए। अन्य फ्लैट्स तक पहुंचने की आशंका को देखते हुए इसे बुझाने की कोशिश की जा रही है। लोगों ने घरों को खाली कराना शुरू कर दिया है। फायर ब्रिगेड टीम ने दावा किया है कि जल्द ही घटना पर काबू पा लिया जाएगा।
फ्लैट में रखा हुआ सारा सामान जलकर राख
जिला दमकल अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि 9:45 पर आग लगने की सूचना मिली थी, जिसके बाद दमकल की तीन गाड़ियों को गौर सिटी के लिए रवाना किया गया। यहां आकर देखा तो पता चला की सेकेंड फ्लोर पर आग लगी हुई थी, फ्लैट में रहने वाले अजय सिंह फ्लैट को बंद करके कहीं गए हुए थे। उसी बंद फ्लैट में आग लगी थी। इस हादसे में कोई भी जनहानि नहीं हुई है, आग की लपटे ऊपर के फ्लोर पर भी पहुंच गई और उनकी बालकनी में भी आग लग गई। फ्लैट में रखा हुआ सारा सामान जलकर राख हो गया है।