
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे लोकसभा चुनाव से दूरी बना सकते हैं। सोमवार को कांग्रेस की दूसरी लिस्ट के मंथन को लेकर हुई मीटिंग के बाद सूत्रों का कहना है कि हो सकता है खड़गे इस बार चुनाव नहीं लड़े। NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, खड़गे चाहते हैं कि वे कांग्रेस के चुनावी कैंपेन को लीड करें और अपने पर्सनल कैंपेन में व्यस्त न हो जाएं।
7 मार्च को हुई कांग्रेस CEC की मीटिंग में कर्नाटक के गुलबर्गा से खड़गे का ही नाम फाइनल किया गया था। हालांकि, पार्टी ने इसका ऐलान नहीं किया था। सूत्रों का कहना है कि खड़गे अब अपने दामाद राधाकृष्ण डोड्डमानी को इस सीट से उम्मीदवार बना सकते हैं।
मल्लिकार्जुन खड़गे 2009 और 2014 के लोकसभा चुनाव में गुलबर्गा सीट से चुनाव जीत चुके हैं। 2019 में उन्हें भाजपा नेता उमेश जाधव ने हरा दिया था। तब से वे राज्यसभा से सांसद और नेता प्रतिपक्ष हैं। राज्यसभा में उनके कार्यकाल के 4 साल और बचे हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक खड़गे के अलावा कांग्रेस के 4 पूर्व मुख्यमंत्री भी लोकसभा चुनाव नहीं लड़ना चाहते हैं। इनमें अशोक गहलोत, कमलनाथ, दिग्विजय सिंह और हरीश रावत का नाम शामिल है। साथ ही राजस्थान के पूर्व डिप्टी CM सचिन पायलट भी चुनाव लड़ने की इच्छा नहीं जता रहे हैं।
CEC मीटिंग में 62 सीटों पर उम्मीदवारों की चर्चा हुई
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सोमवार को हुई CEC बैठक में 5 राज्यों की 62 सीटों पर उम्मीदवारों की चर्चा हुई। इसमें गुजरात की 14 सीटें, राजस्थान की 13, मध्य प्रदेश की 16, असम की 14 और उत्तराखंड की 5 सीटों पर उम्मीदवारों की लिस्ट पर मंथन हुआ। आज 12 मार्च को यह लिस्ट जारी हो सकती है।
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत अपने बेटे वैभव गहलोत को चुनाव लड़ाना चाहते हैं। सूत्रों के मुताबिक, मीटिंग में वैभव गहलोत का नाम राजस्थान की जालोर सीट से फाइनल भी हो गया है। वहीं, मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ भी अपने बेटे को छिंदवाड़ा लोकसभा सीट पर दोबारा चुनाव लड़ाना चाहते हैं। 2019 में भी कमलनाथ की जगह उनके बेटे यहां से चुनाव लड़े और जीते थे।
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत भी खराब स्वास्थ्य की वजह से हरिद्वार सीट से चुनाव नहीं लड़ना चाहते हैं। वे अपने बेटे वीरेंद्र रावत को इस सीट से उम्मीदवार बनाना चाहते हैं। इसके अलावा राजस्थान के पूर्व डिप्टी CM सचिन पायलट भी आलाकमान से कह चुके हैं कि चुनाव लड़ने की बजाय वे राजस्थान की 4 लोकसभा सीटों पर कांग्रेस को मजबूत करने का काम करेंगे।
राहुल गांधी वायनाड से चुनाव लड़ेंगे
पहली लिस्ट में कांग्रेस ने 39 में से 20 नए उम्मीदवार उतारे हैं। 19 सीटों पर पुराने उम्मीदवारों को बरकरार रखा गया है। राहुल गांधी केरल की वायनाड सीट से लगातार दूसरी बार चुनाव लड़ेंगे। शशि थरूर को केरल के तिरुवनंतपुरम से लगातार चौथी बार टिकट मिला है।
छत्तीसगढ़ में 5 और तेलंगाना में 6 पुराने उम्मीदवारों के टिकट काट दिए गए हैं। कांग्रेस ने भूपेश बघेल, ताम्रध्वज साहू और केसी वेणुगोपाल जैसे दिग्गजों को मैदान में उतारा है।