
भोपाल। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने महादेव सट्टा एप के मुख्य आपरेटर गिरीश तालरेजा को भोपाल से गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि ईडी भोपाल की टीम ने एक कार्यक्रम के दौरान उसे दबोचा। तालरेजा को ईडी रायपुर को सौंपा जाएगा। शनिवार को रायपुर में न्यायालय में पेश किया जा सकता है। हालांकि, ईडी ने गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की है।
महादेव सट्टा एप मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने लगभग 15 दिन पहले भिलाई से 25 वर्षीय नीतीश दीवान को गिरफ्तार किया था। वह सट्टा एप प्रमोटर का काम करता था। उसी की निशानदेही पर तालरेजा को गिरफ्तार किया गया है। ईडी ने इस मामले में दो दिन पहले रायपुर, दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और गुरुग्राम में अलग-अलग स्थानों पर छापा मारा था।
इसके बाद शुक्रवार- शनिवार की रात भोपाल के अतिरिक्त रायपुर, कोरबा, बिलासपुर, सूरजपुर, प्रतापपुर और पत्थलगांव में अलग-अलग स्थानों पर छापे मारे गए थे। ईडी को भोपाल निवासी रतनलाल जैन की भी तलाश है जो अभी फरार है। सूत्रों के अनुसार तलरेजा और जैन के ट्रांजेक्शन के आधार पर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।