
घटना सोमवार रात करीब 10 बजे की है। भौंरी स्थित होटल प्ले एंड रिसोर्ट में देर रात शादी का रिसेप्शन चल रहा था। तभी यह हादसा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, संभवत: शार्ट सर्किट की वजह से आग लगी।
इस दौरान यहां रखे एक गैस सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। जनहानि नहीं हुई, लेकिन लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। आग बुझाने का काम रात 12 बजे तक चलता रहा। गांधीनगर, बैरागढ़ और फतेहगढ़ फायर स्टेशन से दमकलें मौके पर पहुंची।
लोगों में अफरा-तफरी मची रिसेप्शन के दौरान ही होटल एंड रिसोर्ट में आग लगने की घटना से दहशत का माहौल हो गया। इस दौरान शादी में आए लोग भागने लगे। गनीमत ये रही कि जिस जगह पर आग लगी, वहां कोई नहीं था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जहां सिलेंडर में ब्लास्ट हुआ, वहां पर कुछ देर पहले गाड़ियां खड़ी थी। यदि ब्लास्ट तब होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
जेसीबी की मदद से हटाया सामान रात में ही जेसीबी की मदद ली गई और आगजनी वाली जगह को ठीक किया गया। देर रात तक दमकलें मौके पर मौजूद रहीं। हालांकि, धुआं अभी भी निकल रहा है। इस कारण दमकलें मौके पर ही तैनात की गई है।