भोपाल की सात विधानसभा क्षेत्रों में बढ़े 1.40 लाख मतदाता, 82 हजार नए वोटर शामिल

Updated on 22-02-2026 02:25 PM

भोपाल। जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 22 साल में पहली बार मतदाता सूची का व्यापक शुद्धिकरण किया गया है।

करीब 100 दिन चली इस प्रक्रिया में सात विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूची में बड़ा बदलाव हुआ है। पहले चरण में लगभग 3 लाख 80 हजार नाम सूची से हटाए गए, जबकि कुल 1 लाख 40 हजार नाम जोड़े गए। इनमें 82 हजार नए मतदाता शामिल हैं, जिन्होंने एसआईआर के दौरान फार्म-6 जमा किया था।

शनिवार को कलेक्ट्रेट में स्टैंडिंग कमेटी की बैठक के दौरान अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को सूची सौंपी गई। बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कौशलेंद्र विक्रम सिंह वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए। उप जिला निर्वाचन अधिकारी भुवन गुप्ता सहित अन्य अधिकारी और दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

100 दिन चली पुनरीक्षण प्रक्रिया

चार नवंबर से शुरू हुई एसआईआर प्रक्रिया के तहत बैरसिया, उत्तर, नरेला, दक्षिण-पश्चिम, मध्य, गोविंदपुरा और हुजूर विधानसभा क्षेत्रों की 2025 की मतदाता सूची का सत्यापन किया गया। प्रारंभिक सूची में 21 लाख 25 हजार 908 मतदाता थे। सत्यापन के बाद 16 लाख 87 हजार 033 मतदाता प्रमाणित हुए, जबकि 4 लाख 38 हजार 875 नाम हटाए गए।

दूसरे चरण में नो-मैपिंग, तार्किक विसंगतियों और फार्म-6, 7 एवं 8 की सुनवाई के बाद संशोधित सूची तैयार की गई। इस चरण में 23 हजार 616 नाम विलोपित किए गए और काटे गए नामों में से 58 हजार 420 का पुनः सत्यापन किया गया।

जिले में कुल 17.45 लाख मतदाता

अंतिम प्रकाशन के बाद जिले में कुल 17 लाख 45 हजार 453 मतदाता दर्ज हुए हैं। सर्वाधिक मतदाता हुजूर (3,36,295) और गोविंदपुरा (3,20,746) में हैं। इसके अलावा बैरसिया में 2,45,030, नरेला में 2,83,893, उत्तर में 2,05,605, दक्षिण-पश्चिम में 1,72,610 और मध्य में 1,81,274 मतदाता हैं।

जिले में कुल 2,289 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

लिंगानुपात और वरिष्ठ मतदाता

जिले में एक हजार पुरुष मतदाताओं पर 964 महिला मतदाता हैं। विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों में उत्तर (988), मध्य (987) और दक्षिण-पश्चिम (983) में महिला मतदाताओं की स्थिति बेहतर है, जबकि बैरसिया (917) में यह अनुपात कम है।

जिले में 90 से 120 वर्ष आयु वर्ग के 2,219 वरिष्ठ मतदाता भी पंजीकृत हैं। इनमें 90-99 वर्ष के 2,094, 100-109 वर्ष के 118 और 110-119 वर्ष के चार मतदाता शामिल हैं।

नाम जोड़ने-संशोधन की प्रक्रिया जारी

कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह के अनुसार विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, लेकिन मतदाता सूची में नाम जोड़ने और सुधार का कार्य निरंतर जारी रहेगा। नए मतदाता फार्म-6 के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

नाम में सुधार के लिए फार्म-8 और आपत्ति के लिए फार्म-7 जमा किया जा सकता है। इस व्यापक शुद्धिकरण से जिले की मतदाता सूची अधिक पारदर्शी और अद्यतन हो गई है, जिससे आगामी चुनावों की तैयारी और मजबूत मानी जा रही है।


Advt.

अन्य महत्वपुर्ण खबरें

 06 March 2026
भोपाल. होली के उत्सव के बीच प्रदेश में सड़क हादसों का ग्राफ चिंताजनक रूप से बढ़ गया। 4 मार्च को 108 एंबुलेंस सेवा के डेटा के अनुसार एक ही दिन में…
 06 March 2026
भोपाल, भोपाल के जेल रोड करोंद स्थित मैपल ट्री सोसायटी में गुरुवार देर रात लोग स्ट्रीट डॉग्स को लेकर लामबंद हो गए। वे कॉलोनी के गेट पर पहुंचे। उन्होंने नगर निगम…
 06 March 2026
भोपाल, पांच दिन के ब्रेक के बाद गुरुवार को भोपाल के बड़ा तालाब किनारे फिर से सीमांकन शुरू हुआ। बैरागढ़ तहसील की टीम लाउखेड़ी, बोरवन और बेहटा पहुंची। बेहटा में एफटीएल…
 06 March 2026
भोपाल, राजधानी के गांधी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) में हर महीने 1500 से ज्यादा कैंसर मरीज इलाज की उम्मीद लेकर पहुंचते हैं, लेकिन यहां रेडिएशन की सुविधा न होने से उन्हें सिर्फ…
 06 March 2026
भोपाल। 29 मार्च से लागू होने वाले समर शेड्यूल में इस बार भोपाल की एयर कनेक्टिविटी बढ़ने के बजाय कम होने जा रही है।एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने हाल ही में शुरू…
 06 March 2026
भोपाल: राजधानी सहित पूरे प्रदेश में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए चल रहा एचपीवी टीकाकरण अभियान (HPV Vaccination Campaign) अब एक नए डिजिटल अवतार में नजर आएगा।90 दिनों के भीतर आठ…
 06 March 2026
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में जल्द ही इन विट्रो फर्टिलाइजेशन (आईवीएफ) सेंटर खुलने जा रहा है। प्रदेश में यह पहला सरकारी आईवीएफ सेंटर…
 06 March 2026
भोपाल: मध्य प्रदेश में जमीन से जुड़े विवादों के लिए अब आपत्ति दर्ज करवाना आसान हो गया है। राज्य सरकार ने संपदा पोर्टल पर ऑनलाइन सुविधा शुरू कर दी है। जिसके तहत कोई…