दूसरी ओर अल्ट्राटेक सीमेंट ने अपनी क्षमता बढ़ाने के लिए 12,886 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना बनाई है। कंपनी ब्राउन फील्ड और ग्रीन फील्ड प्रोजेक्ट्स के जरिए अपनी क्षमता बढ़ा रही है। अडानी ग्रुप की तरह अल्ट्राटेक भी कई कंपनियों का अधिग्रहण करने की योजना बना रही है। मध्य वर्ग के बढ़ने से देश में सीमेंट की मांग में भी इजाफा होगा। साथ ही सरकार भी इन्फ्रास्ट्रक्चर पर जोर दे रही है। सरकार की 100 स्मार्ट सिटी, 200 नए एयरपोर्ट, सबके लिए आवास और कंक्रीट के हाईवेज बनाने की योजना है। ऐसे में देश में सीमेंट की मांग बढ़ना लाजमी है। साथ ही पीएम गतिशक्ति के तहत इन्फ्रास्ट्रक्चर सेक्टर से जुड़ी परियोजनाओं को तेजी से लागू किया जा रहा है। चीन के हिसाब से देंखे तो भारत में सीमेंट की मांग में सात गुना तक बढ़ोतरी की गुंजाइश है। यही वजह है कि देश के अरबपतियों की सीमेंट सेक्टर में दिलचस्पी बढ़ गई है।
