
गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार (2 अप्रैल) को बेंगलुरु में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बीच कोई तुलना नहीं है। मोदी ने 23 सालों में एक दिन भी अपने काम से छुट्टी नहीं ली है। राहुल गांधी गर्मियां आते ही विदेश चले जाते हैं। कांग्रेस पार्टी उन्हें 6 महीने ढूंढते रहती है।
शाह बेंगलुरु के पैलेस ग्राउंड में आयोजित शक्ति केंद्र प्रमुख सम्मेलन में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा- मोदी ने 23 सालों तक मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में काम किया। अब तक उन पर 25 पैसे के भ्रष्टाचार का भी आरोप नहीं लगा है।
गृह मंत्री ने कहा- दूसरी तरफ, भ्रष्टाचार का यह घमंडिया गठबंधन है। मनमोहन सिंह और सोनिया गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस के 10 सालों के शासन के दौरान 12 लाख करोड़ रुपए का घोटाला और भ्रष्टाचार हुआ था।
शाह का दावा- कर्नाटक में भाजपा-जेडी(एस) सभी जीतेगी
अमित शाह ने आगे कहा- मैं देश भर के लगभग 60 प्रतिशत राज्यों में गया हूं और हर जगह लोग मोदी-मोदी के नारे लगा रहे हैं। मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूं कि कर्नाटक में भाजपा-जेडी(एस) सभी 28 लोकसभा सीटें जीतेगी। हम राज्य में कांग्रेस का खाता भी नहीं खुलने देंगे।
शाह ने कहा- PM मोदी ने इस बार सभी भाजपा कार्यकर्ताओं के सामने 400 पार का लक्ष्य रखा है। 2014 के चुनाव में कर्नाटक की जनता ने 43 फीसदी वोट देकर हमें 17 सीटें दीं। 2019 में पार्टी ने 51 फीसदी वोट के साथ 25 सीटें जीतीं। इस बार लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं से मेरी अपील है कि भाजपा गठबंधन को सभी 28 सीटों पर जीत दिलाएं।
सूखे के मुद्दे पर कर्नाटक की कांग्रेस सरकार को घेरा
शाह ने कर्नाटक में सूखे की समस्या को लेकर कांग्रेस सरकार की आलोचना की। गृह मंत्री ने कहा- कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार विकास के लिए काम नहीं कर रही है। यहां के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार में एक अपनी कुर्सी बचाने में व्यस्त है, तो दूसरा कुर्सी छीनने में व्यस्त है।
कर्नाटक में सूखा है, लेकिन राज्य सरकार ने केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजने में तीन महीने की देरी की। आज केंद्र से फंड के लिए आवेदन चुनाव आयोग के पास है। कांग्रेस सरकार इस पर राजनीति कर रही है।