ईशांत की यॉर्कर पर गिर पड़े रसेल:पंत ने लगाई लगातार 6 बाउंड्री, दिल्ली ने नहीं लिया DRS तो नरेन को मिला जीवनदान

Updated on 04-04-2024 02:25 PM

कोलकाता नाइटराइडर्स (KKR) ने इंडियन प्रीमियर लीग-2024 के 16वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (DC) को 106 रन के विशाल अंतर से हरा दिया। विशाखापट्टनम में बुधवार को कोलकाता ने टॉस जीतकर बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 272 रन बनाए। जवाब में दिल्ली 17.2 ओवर में 166 रन पर ऑलआउट हो गई।

सुनील नरेन ने 39 बॉल पर 85 रन की पारी खेली। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। मैच के दौरान कई रोमांचक मोमेंट्स देखने को मिले। जैसे- दिल्ली के कप्तान पंत के DRS नहीं लेने से सुनील नरेन को जीवनदान मिला। ईशांत शर्मा की यॉर्कर पर आंद्रे रसेल क्रीज पर ही गिर पड़े और बोल्ड भी हो गए।

DC vs KKR मैच के टॉप मोमेंट्स...

1. ईशांत की यॉर्कर पर क्रीज पर गिरे रसेल
कोलकाता की पारी के दौरान ईशांत शर्मा की यॉर्कर पर आंद्रे रसेल क्रीज पर गिर गए और बोल्ड भी हो गए। KKR की पारी के 20वें ओवर में ईशांत शर्मा ने पहली बॉल 144 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से फेंकी। रसेल यार्कर रोकने और खुद को बचाने के चक्कर में क्रीज पर ही गिर गए, लेकिन ईशांत की बॉल उनके स्टंप बिखेरती चली गई।

इससे पहले, रसेल ने 19 बॉल पर 43 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने 4 चौके और 3 छक्के जमाए।

2. पंत ने वेंकटेश के ओवर में लगातार 6 बाउंड्री जमाईं
ऋषभ पंत ने 12वां ओवर फेंकने आए वेंकटेश अय्यर के ओवर में लगातार छह बाउंड्री जमाईं। इनमें चार चौके और दो छक्के शामिल रहे। पंत ने ओवर की पहली गेंद पर हुक शॉट खेलते हुए शॉर्ट फाइन लेग पर चार रन के लिए पहुंचाया। वहीं, दूसरी गेंद को लॉन्ग ऑफ के ऊपर से 6 रन के लिए पहुंचाया। ओवर की तीसरी गेंद को पंत ने फाइन लेग की तरफ 6 रन के लिए बाउंड्री के बाहर पहुंचाया।

फिर ऑफ स्टंप के बाहर आई चौथी गेंद को पॉइंट के पीछे चार रन के लिए भेजा। वहीं पांचवीं गेंद को स्कॉयर लेग पर चार रन के लिए बाउंड्री के पार पहुंचाया। आखिरी गेंद को भी चार रन के लिए भेजा। वेंकेटेश के इस ओवर में 28 रन बने। इस ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर 125/4 हो गया।

3. DC के DRS नहीं लेने से नरेन और अय्यर को जीवनदान
कोलकाता की पारी के दौरान दिल्ली के कप्तान ऋषभ पंत दो बार DRS लेने से चूक गए और बल्लेबाज को जीवनदान मिला। बाद में रिप्ले देखने से पता चला कि बल्लेबाज आउट था।

पहला : चौथे ओवर में ईशांत की बॉल पर नरेन को जीवनदान 

कोलकाता की पारी के दौरान दिल्ली की ओर से चौथा ओवर ईशांत शर्मा फेंकने आए। सुनील नरेन ने शुरुआती दो गेंदों में लगातार दो छक्के और तीसरी गेंद पर चौका मारा। फिर ईशांत ने चौथी गेंद शॉर्ट लेंथ पर डाली, जिस पर नरेन ने पुल करने का प्रयास किया और बॉल बल्ले के करीब से होती हुई पंत के दस्तानों में चली गई। पहले तो इस पर किसी का ध्यान ही नहीं गया। इसी बीच फील्डर ने कैच की अपील की, तो कप्तान ऋषभ पंत कन्फ्यूज नजर आए। फिर काफी देर बाद DRS लेने का इशारा किया, लेकिन तब तक 15 सेकेंड का टाइम निकल चुका था। बाद में TV रिप्ले से पता चला कि गेंद बल्ले के बाहरी किनारे को छूते हुए पंत के हाथों में गई थी।

दूसरा DRS रसीख सलाम की गेंद पर नहीं लिया कोलकाता की पारी के 15वें ओवर की दूसरी गेंद पर भी पंत ने DRS नहीं लिया। यह ओवर रसीख सलाम फेंक रहे थे। रसीख की 137 KM/H की रफ्तार की बॉल को श्रेयस अय्यर पुल करना चाहते थे, लेकिन वे चूक गए और बॉल फिर पंत के दस्तानों में गई। रसीख सलाम को लगा कि गेंद बल्ले से लग कर गई है। उन्होंने पंत से पूछा कोई आवाज सुनाई दी, लेकिन पंत ने इंकार कर दिया और DRS नहीं लिया। बाद में टीवी रिप्ले में दिखा कि बॉल अय्यर के बल्ले से लग कर गई थी। अगर पंत इस पर DRS ले लेते तो दिल्ली को विकेट मिल जाता।

4. वॉर्नर से छूटा सॉल्ट का कैच, अगली बॉल पर आउट भी हुए

कोलकाता की पारी के 5वें ओवर में डेविड वॉर्नर से ओपनर फिल सॉल्ट का कैच छूट गया, हालांकि सॉल्ट इसका फायदा नहीं उठा सके और अगली ही बॉल पर ट्रिस्टन स्टब्स को कैच थमा बैठे। एनरिक नोर्त्या के ओवर की दूसरी गेंद को सॉल्ट ने डीप बैकवर्ड स्क्वेयर लेग पर खेला। वहां वॉर्नर कैच लेने के लिए आगे आए, लेकिन कैच नहीं पकड़ पाए। सॉल्ट ने इस गेंद पर दो रन भी लिए।

अगली गेंद को सॉल्ट ने मिड-ऑफ की तरफ खेल दिया। इस बार फील्डर ट्रिस्टन स्टब्स ने कोई गलती नहीं की और कैच पकड़कर सॉल्ट को पवेलियन की राह दिखाई।

5. पहली गेंद पर सॉल्ट के चौके को अंपायर ने बाई करार दिया

दिल्ली और कोलकाता के बीच विशाखपट्नम में खेले गए मैच की पहली गेंद पर अंपायर ने भूल कर दी। पहला ओवर दिल्ली कैपिटल्स की ओर से खलील अहमद फेंकने आए। उनके सामने फिल सॉल्ट बल्लेबाजी कर रहे थे। गेंद सॉल्ट के बल्ले से लगकर पंत के दस्तानों को छूकर उनके ऊपर से निकल गई।

फील्ड अंपायर ने इसे बाई का रन करार दिया। बाद में TV रिप्ले से पता चला कि गेंद बल्ले का बाहरी किनारा लेकर गई थी। अगर पंत इसे कैच कर लेते तो शायद कैच की अपील करते और दिल्ली को पहली गेंद पर सफलता मिल जाती।

6. अय्यर ने ट्रिस्टन स्टब्स का कैच ड्रॉप किया​​​

दिल्ली की पारी के दौरान श्रेयस अय्यर से ट्रिस्टन स्टब्स का कैच छूट गया। इस पारी का नौवां ओवर वरुण चक्रवर्ती लेकर आए। इस ओवर की चौथी बॉल को स्टब्स ने डीप मिडविकेट की ओर खेल दिया। गेंद अय्यर के हाथों में आ गई थी, पर वे गेंद को पकड़ नहीं पाए और स्टब्स को जीवनदान मिला। उस समय स्टब्स 16 गेंदों पर 25 रन बना कर खेल रहे थे। स्टब्स ने 32 गेंदों पर 54 रन की पारी खेली।

Advt.

अन्य महत्वपुर्ण खबरें

 07 March 2026
नवी मुंबई: महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर की शादी 5 मार्च को हुई। मुंबई में धूमधाम से उनकी शादी का कार्यक्रम आयोजित किया गया। तीन मार्च से प्री…
 07 March 2026
नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में भारत की भिड़ंत 8 मार्च को न्यूजीलैंड से होगी। यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। दो बार…
 07 March 2026
लंडन: बैडमिंटन के प्रतिष्ठित टूर्नामेंट ऑल इंग्लैंड ओपन 2026 में भारत के स्टार शटलर लक्ष्य सेन ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा है। पुरुष एकल के क्वार्टर फाइनल में लक्ष्य ने…
 07 March 2026
अहमदाबाद: भारतीय क्रिकेट टीम को टी20 विश्व कप 2026 का फाइनल न्यूजीलैंड के खिलाफ रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेलना है। टीम इंडिया लगभग 5 साल बाद टी20…
 07 March 2026
नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में भारत के हाथों मिली हार के बाद इंग्लैंड के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज स्टीव हार्मिसन ने कप्तान जोस बटलर के भविष्य पर…
 07 March 2026
अहमदाबाद: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल से पहले पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाजों शोएब अख्तर और उमर गुल ने भारतीय टीम पर दबाव को लेकर बड़ा बयान दिया है।…
 06 March 2026
नई दिल्ली: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल मुकाबले से पहले इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम करन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बड़ा बयान दिया था, जिसको लेकर शायद वो अब पछता…
 06 March 2026
नई दिल्ली: मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला बीते 5 मार्च को खेला गया। यह मैच देखने कई बड़ी…