रोजगार के मोर्चे पर मई में मॉनसून जैसा माहौल, नौकरियों की बारिश में टूट गया 18 साल का रेकॉर्ड
Updated on
24-05-2024 01:33 PM
नई दिल्ली: सर्विसेज एक्टिविटी बढ़ने से मई में बिजनेस एक्टिविटी में अच्छी ग्रोथ दर्ज की गई। एचएसबीसी फ्लैश इंडिया कंपोजिट परचेजिंग मैनेजर्स इंडेक्स (PMI) मई में 61.7 पर पहुंच गया, जो अप्रैल में 61.5 पर था। यह लगातार 34वां महीना रहा, जब इस इंडेक्स की रीडिंग 50 से अधिक रही। 50 से नीचे की रीडिंग सुस्ती का संकेत होती है। एचएसबीसी सर्वे रिपोर्ट के मुताबिक, मई में एक्सपोर्ट ने तेज रफ्तार पकड़ी और साथ ही रोजगार के मौके भी तेजी से बढ़े। इसके मुताबिक नेट जॉब एडिशन रेट करीब 18 वर्षों में सबसे तेज रहा। एचएसबीसी के चीफ इंडिया इकॉनमिस्ट प्रांजल भंडारी ने कहा कि मई में कंपोजिट पीएमआई की रीडिंग पिछले करीब 14 वर्षों में तीसरी सबसे दमदार रीडिंग है और इसमें सर्विसेज सेक्टर की तेज ग्रोथ का बड़ा योगदान है। मई में फ्लैश सर्विसेज पीएमआई 61.4 के साथ 4 महीनों के उच्च स्तर पर पहुंच गया।