
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को कूच बिहार में एक रैली को संबोधित किया। ममता ने कहा- आप एक जहरीले सांप पर भरोसा कर सकते हैं। उसे पाल भी सकते हैं, लेकिन आप भाजपा पर कभी भी भरोसा नहीं कर सकते। भाजपा देश को बर्बाद कर रही है।
ममता ने भाजपा पर आचार संहिता का पालन नहीं करने का आरोप लगाया। बंगाल सीएम ने कहा- केंद्रीय जांच एजेंसियां, सीमा सुरक्षा बल (BSF), और CISF भाजपा के इशारे पर काम कर रही हैं। उन्होंने चुनाव आयोग से सभी राजनीतिक पार्टियों के लिए समान अवसर उपलब्ध कराने की बात कही।
ममता ने आगे कहा, उनकी पार्टी टीएमसी केंद्रीय एजेंसियों की धमकियों के सामने नहीं झुकेगी। ममता ने कूच बिहार में महिलाओं से आग्रह किया कि अगर 19 अप्रैल को होने वाले मतदान से पहले BSF द्वारा स्थानीय लोगों पर अत्याचार करने की घटनाएं होती हैं तो वे पुलिस में शिकायत दर्ज कराएं।
ममता बोलीं- TMC से निकाले गए नेता भाजपा की संपत्ति
ममता ने कूच बिहार से फिर से चुनाव लड़ रहे भाजपा उम्मीदवार निसिथ प्रमाणिक का नाम लेते हुए कहा, यह बड़े शर्म की बात है कि एक व्यक्ति जिसके खिलाफ कई मामले लंबित हैं, उसे गृह राज्य मंत्री नियुक्त किया गया है।
ममता ने आगे कहा- ये वही निसिथ हैं, जो पहले TMC में हुआ करते थे लेकिन 2018 में पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था। अब वह भाजपा की संपत्ति हैं।
ममता का आरोप- सेंट्रल फोर्स भाजपा के लिए काम कर रहीं
ममता ने कूचबिहार के अलावा मालबाजार में भी एक अन्य चुनावी सभा को संबोधित किया। ममता ने कहा, केंद्रीय जांच एजेंसियां, NIA, IT, BSF और CISF जैसे सेंट्रल फोर्स भाजपा के लिए काम कर रहे हैं। मैं लोगों से मतदान के बाद नतीजे आने तक EVM की सुरक्षा करने को कहूंगी।