
देशभर में दो वेस्टर्न डिस्टरबेंस के एक्टिव होने की वजह से कई इलाकों में गर्मी के मौसम में बारिश और ओले देखने को मिल रहे हैं। मौसम विभाग ने बताया कि बुधवार (10 अप्रैल) को मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के कई जिलों में ओले गिरने की संभावना है। यहां मंगलवार को भी बारिश-ओले देखने को मिले, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज हुई थी।
वहीं, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, पंजाब, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, बिहार, तेलंगाना, केरल, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और पुडुचेरी में बरसात का दौर 14 अप्रैल तक जारी रहेगा। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कुछ जिलों में 13 और 14 अप्रैल को बर्फबारी हो सकती है।
एक तरफ जहां देश में बारिश के दौर से कई इलाकों में तापमान में गिरावट आई हैं, वहीं कुछ इलाके ऐसे भी जहां बारिश न होने के कारण तेज गर्मी का असर जारी है। हरियाणा के सिरसा में गुरुवार को दिन का अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री रिकार्ड किया गया। यहां 3 दिन बाद बारिश की संभावना जताई गई है।
मध्य प्रदेश: 27 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट, एक सप्ताह तक ऐसा ही रहेगा मौसम
मध्य प्रदेश में पिछले 3 दिन से ओले-बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव है। मौसम विभाग ने बुधवार को भोपाल, जबलपुर, उज्जैन समेत 27 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यहां 40 से 50Km प्रतिघंटे की रफ्तार से आंधी भी चल सकती है। गुना और अशोकनगर में हल्की बारिश के साथ ओले भी गिर सकते हैं।
उत्तर प्रदेश: 26 जिलों में बारिश का अलर्ट, गरज-चमक के साथ तेज आंधी भी चलेगी; कन्नौज सबसे गर्म रहा
यूपी में मौसम का मिजाज बदल रहा है। आज 26 जिलों में बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग ने बताया कि गरज-चमक के साथ तेज आंधी भी चल सकती है। आने वाले 5 दिनों तक ऐसा ही मौसम रहेगा। कई इलाकों में ओले भी गिर सकते हैं। वाराणसी में सुबह से घने बादल छाए हुए हैं। मंगलवार को 41.5 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ कन्नौज सबसे गर्म रहा।
हरियाणा: 3 दिन बाद बारिश की संभावना, किसानों के लिए अलर्ट जारी; 40 KM स्पीड से हवाएं चलेंगी
हरियाणा में 3 दिन बाद मौसम बदलने वाला है। मौसम में यह बदलाव एक्टिव हुए 2 पश्चिमी विक्षोभ के कारण हाेगा। इस दौरान 12 अप्रैल तक आंशिक रुप से बादल छाने व हवाएं चलने की संभावना है, लेकिन एक और पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से 13 अप्रैल की रात से 16 अप्रैल के दौरान बारिश की संभावना बनेगी।