अब दुबई देखेगा वैभव सूर्यवंशी का जलवा, टीम इंडिया घोषित, जानिए कब है पाकिस्तान से मैच
Updated on
28-11-2025 03:15 PM
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट की नई सनसनी वैभव सूर्यवंशी के बल्ले का जलवा कतर के बाद एक और खाड़ी देश के क्रिकेट फैंस देखेंगे। भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने शुक्रवार को अंडर-19 एशिया कप 2025 के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। इंडिया अंडर-19 टीम की कप्तानी मुंबई के आयुष महात्रे को दी गई है, जबकि पंजाब के विहान मल्होत्रा को उपकप्तान बनाया गया है। महज 14 साल के वैभव को भी टीम में बतौर ओपनर शामिल किया गया है। वैभव ने इसी महीने कतर के दोहा में आयोजित राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2025 में इंडिया-ए की तरफ से खेलते हुए महज 32 गेंद में शतक ठोका था, जो भारतीय क्रिकेट में तीसरा सबसे तेज टी20 शतक है। अब वैभव के शॉट्स दुबई के दर्शकों को अपना दीवाना बनाएंगे, जहां 12 दिसंबर से अंडर-19 एशिया कप के मुकाबले खेले जाएंगे। इस टूर्नामेंट के लिए भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखा गया है। इससे दोनों के बीच एक बार फिर उसी देश की धरती पर मुकाबला होना तय है, जहां सितंबर में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान को फाइनल में हराकर एशिया कप 2025 जीता है।यह है भारतीय टीम
बीसीसीआई ने एसीसी पुरुष अंडर-19 एशिया कप 2025 ( ACC Men’s U19 Asia Cup 2025) के लिए टीम की घोषणा की है। BCCI के सचिव देवजीत सैकिया की तरफ से जारी मीडिया एडवाइजरी के मुताबिक, टीम में 16 प्लेयर्स को शामिल किया गया है, जिसमें किशन कुमार सिंह फिलहाल अनफिट हैं। यदि किशन फिट नहीं होते हैं तो 4 स्टैंडबाई प्लेयर्स में से कोई उनकी जगह लेगा। टीम में निम्न खिलाड़ी शामिल हैं-India U19 squad for Asia Cup: आयुष महात्रे (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, विहान मल्होत्रा (उपकप्तान), वेदांत त्रिवेदी, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), हरवंश सिंह (विकेटकीपर), युवराज गोहिल, कनिष्क चौहान, खिलाल ए. पटेल, नमन पुष्पक, डी. दीपेश, हेनिल पटेल, किशन कुमार सिंह, उद्धव मोहन और आरोन जॉर्ज।स्टैंडबाय प्लेयर्स- राहुल कुमार, हेमचूडेशन, बीके किशोर, आदित्य रावत