
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार (5 अप्रैल) को कहा कि अगर आतंकवादी भारत में शांति भंग करने या आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की कोशिश करते हैं, तो उन्हें करारा जवाब दिया जाएगा। अगर वे पाकिस्तान भाग जाते हैं, तो भारत उन्हें मारने के लिए पड़ोसी देश में घुस जाएगा।
राजनाथ सिंह की यह टिप्पणी ब्रिटेन के गार्जियन अखबार में पब्लिश रिपोर्ट के बाद आई, जिसमें आरोप लगाया गया है कि भारत सरकार ने विदेशी धरती पर रहने वाले आतंकवादियों को खत्म करने की रणनीति के तहत पाकिस्तान में कई लोगों की हत्या की।
अब हम मूकदर्शक बनकर नहीं रहेंगे- राजनाथ सिंह
सिंह ने सीएनएन न्यूज 18 से कहा कि कोई भी आतंकी हमारे पड़ोसी देश से यदि हमारे भारत को डिस्टर्ब करने की कोशिश करेगा, यहां पर आतंकवादी हरकतें करेगा, तो उसका मुंहतोड़ जवाब देंगे। भारत अब मूकदर्शक नहीं रहेगा। राजनाथ बोले- प्रधानमंत्री ने जो भी कहा है वह बिल्कुल सच है। भारत के पास वह ताकत है, और पाकिस्तान को भी इसका एहसास होने लगा है।
भारत हमेशा पड़ोसियों के साथ अच्छे संबंध बनाए रखना चाहता है- रक्षामंत्री
राजनाथ ने कहा- जो भी हो, वे हमारे पड़ोसी देश हैं। इतिहास उठाकर देख लीजिए। हमने आज तक दुनिया के किसी भी देश पर हमला नहीं किया और न ही किसी देश की एक इंच जमीन पर कब्जl करने की कोशिश की। यही भारत की प्रकृति रही है। लेकिन अगर कोई भारत पर बार-बार आंखें दिखाता है, भारत आकर आतंकवादी गतिविधियों को बढ़ावा देने की कोशिश करता है, तो हम उन्हें नहीं छोड़ेंगे।
पढ़िए गार्जियन की रिपोर्ट में क्या-क्या लिखा...
विदेश मंत्री ने भी कहा था- यह हमारे खिलाफ प्रोपेगेंडा
विदेश मंत्री एस जयशकंर ने भी एक दिन पहले गार्जियन की रिपोर्ट के जवाब में कहा था- टारगेट किलिंग करना भारत की विदेश नीति में नहीं है। आरोप झूठे हैं। भारत के खिलाफ प्रोपेगेंडा चलाया जा रहा है।
कश्मीर से AFSPA हटाने पर बोले- गृह मंत्रालय फैसला करेगा
कश्मीर से सशस्त्र बल (विशेष शक्तियां) अधिनियम (AFSPA) हटाने की संभावना के बारे में पूछे जाने पर सिंह ने कहा कि अब निर्णय लेने का समय आ गया है। रिपोर्ट आने के बाद गृह मंत्रालय फैसला करेगा। मैंने कहा था कि हालात ऐसे बन गए हैं कि AFSPA हटाया जा सकता है लेकिन इस संबंध में जो भी कार्रवाई करनी होगी वह गृह मंत्रालय द्वारा की जाएगी।