भोपाल। मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव आज रायसेन में मंडीदीप औद्योगिक नगरी के दौरे पर पहुंचे। यहां पर खेल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 65 करोड़ रुपये से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री सुबह करीब साढ़े दस बजे हेलीकाप्टर से मंडीदीप पहुंचे। कार्यक्रम के मंच पर मुख्यमंत्री के साथ पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और स्थानीय विधायक व पूर्व मंत्री सुरेंद्र पटवा मौजूद रहे। कार्यक्रम में विधायक सुरेंद्र पटवा ने मुख्यमंत्री को त्रिशूल भेंट किया। यहां के बाद मुख्यमंत्री का सागर जाने का भी कार्यक्रम है।
सागर में विश्वविद्यालय का करेंगे भूमिपूजन
मुख्यमंत्री मोहन यादव दोपहर 12 बजे सागर पहुंचकर पीटीसी ग्राउंड में रानी अवंती बाई विश्वविद्यालय के लिए भूमि पूजन करेंगे। उनके सागर आगमन को लेकर कमिश्नर डा. वीरेंद्र सिंह रावत, आइजी प्रमोद वर्मा, कलेक्टर दीपक आर्य, पुलिस अधीक्षक अभिषेक तिवारी ने निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस लाइन हेलीपैड, पीटीसी ग्राउंड, बड़तूमा में निर्माणाधीन संत रविदास मंदिर, ढाना हेलीपैड पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। पीटीसी ग्राउंड से रानी अवंती बाई विवि का भूमि पूजन करने के बाद वे खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के निवास पर भी जाएंगे और बड़तूमा में निर्माणाधीन संत रविदास मंदिर-संग्रहालय का अवलोकन कर ढाना स्थित हेलीपैड से रवाना होंगे।
कई जगह हुई भूमि की तलाश
मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद सागर में कालेज निर्माण के लिए भूमि की तलाश की जा रही है, जिले के कई अधिकारियों ने सिरोंजा व तिली से लेकर शहर से लगे हुए आसपास के कई स्थानों पर सरकारी भूमि की तलाश की है। हालांकि आंबेडकर वार्ड में प्रधानमंत्री आवास के पास भी शासकीय हाई स्कूल के पास कई एकड़ भूमि खाली पड़ी है, प्रशासन द्वारा अधिकृत रूप से कोई जगह फाइनल होने की जानकारी जारी नहीं की गई है। फिलहाल पंडित दीनदयाल उपाध्याय आर्ट्स एंड कामर्स कालेज सागर के नवनिर्मित भवन को रानी अवंती बाई विवि सागर के रूप में स्वीकृति दी गई है। हालांकि आदेश में यह भी कहा गया कि लीडिंग कालेज विश्वविद्यालय की संगठक इकाई होगी, यानी महाविद्यालय का अस्तित्व बना रहेगा। इस विवि में शिक्षा सत्र 2024-25 से शुरू होगा। विवि की स्थापना के लिए आफिशियल नोटिफिकेशन अलग से जारी किया जाएगा। विवि में पदों की स्वीकृति और अन्य फाइनेंशियल इनवाल्मेंट वाले विषयों के लिए अलग से आदेश जारी किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री सागर सहित वर्चुअल रूप से खरगोन व गुना में खुलने वाली युनिवर्सिटी का भी भूमिपूजन करेंगे।