अमेरिकी सांसदों ने बांग्लादेश की आलोचना की
अमेरिकी सांसदों ने दीपू चंद्र दास की लिंचिंग की निंदा की और बांग्लादेश से धार्मिक अल्पसंख्यकों की रक्षा करने और कानून के शासन को बहाल करने का आह्वान किया है। कांग्रेस सांसद राजा कृष्णमूर्ति और न्यूयॉर्क विधानसभा की सदस्य जेनिफर राजकुमार ने बढ़ती अस्थिरता और अशांति के बीच दीपू चंद्र दास की भीड़ द्वारा की गई हत्या की कड़ी निंदा की। इलिनॉय से डेमोक्रेटिक पार्टी के सांसद कृष्णमूर्ति ने बांग्लादेशी अधिकारियों से जवाबदेही सुनिश्चित करने, धार्मिक अल्पसंख्यकों की रक्षा करने और कानून का शासन बहाल करने का आह्वान किया। न्यूयॉर्क विधानसभा की सदस्य जेनिफर राजकुमार ने कहा कि बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय के खिलाफ जारी हिंसा से वह ‘‘बेहद परेशान’’ हैं, जिसका सबसे हालिया उदाहरण दास की निर्मम हत्या है।
