
पूर्णिया में पूर्व डिप्टी CM तेजस्वी यादव की जन विश्वास यात्रा के दौरान काफिले में शामिल गाड़ी एक कार से टकरा गई। हादसे में एस्कॉर्ट गाड़ी के ड्राइवर (होमगार्ड जवान) की मौत हो गई। मृतक का नाम मो. हलीम (50) है, वो मधुबनी टीओपी के सिपाही टोला के रहने वाले थे। हादसा सोमवार देर रात करीब साढ़े ग्यारह बजे हुआ।
हादसे में 6 BSAP (बिहार स्पेशल आर्म्ड पुलिस) जवान घायल हैं। इनमें से 3 की हालत नाजुक बताई जा रही है। सभी को GMCH पूर्णिया में एडमिट कराया गया है।
रॉन्ग साइड से आ रही थी एस्कॉर्ट गाड़ी
बताया जा रहा है कि तेजस्वी के काफिले में लगी एस्कॉर्ट गाड़ी रॉन्ग साइड से आ रही थी। गाड़ी ने सामने से आ रही कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के NH 131-A पूर्णिया-कटिहार मुख्य मार्ग पर बेलौरी अप्सरा मंगल भवन के पास हुआ।
कार सवार 3 लोगों की हालत गंभीर
तेजस्वी के काफिले से टकराने वाली कार कटिहार से फारबिसगंज जा रही थी। इसमें 5 लोग सवार थे। इनमें महिला और 2 व्यक्तियों की हालत गंभीर है। महिला का इलाज लाइन बाजार स्थित सन राइज हॉस्पिटल में चल रहा है। महिला का नाम चांदनी देवी है।
घटना की जानकारी मिलते ही SP उपेंद्र नाथ वर्मा पूर्णिया GMCH पहुंचे। घायलों से मुलाकात कर स्थिति की जायजा लिया। SP उपेंद्र नाथ शर्मा ने कहा कि हादसे के तुरंत बाद कार का एयर बैग खुल गया। जिस वजह से सभी की जान बच गई।