
पश्चिम बंगाल के कोलकाता में 17 मार्च की देर रात एक 5 मंजिला निर्माणाधीन इमारत ढह गई थी। यहां पिछले तीन दिनों से रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। मंगलवार (19 मार्च) रात 8 बजे यहां एक व्यक्ति का रेस्क्यू किया गया था।
पुलिस के मुताबिक, उसे SSKM हॉस्पिटल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस तरह मौत का आंकड़ा 10 पहुंच गया है। मृतक मुर्शिदाबाद का रहने वाला राजमिस्त्री था। वह निर्माणाधीन बिल्डिंग में काम करता था।
घटना के बाद दो लोग लापता बताए जा रहे हैं। 17 लोग घायल हैं। NDRF, SDRF, फायर ब्रिगेड, कोलकाता पुलिस की डिजास्टर मैनेजमेंट टीमें रेस्क्यू में लगी है।
पुलिस ने बताया कि घटनास्थल का इलाका भीड़भाड़ वाला है। यहां संकरी गलियां हैं, जिसके कारण कंक्रीट स्लैब काटने के लिए बड़ी मशीनें नहीं आ पा रही हैं। छोटी मशीनों की मदद से मलबा हटाया जा रहा है।
बिल्डर के बाद जमीन का मालिक भी गिरफ्तार
जिस जमीन पर 5 मंजिला बिल्डिंग खड़ी की जा रही थी, उसके मालिक को मंगलवार रात गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले पुलिस ने सोमवार को बिल्डर को गिरफ्तार किया था। उसे 14 दिन की पुलिस रिमांड में भेजा गया है। आरोप है बिल्डिंग का निर्माण अवैध तरीके से कराया जा रहा था।
कांग्रेस ने कोलकाता मेयर पर लगाए आरोप
कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने इस हादसे के लिए कोलकाता मेयर को जिम्मेदार बताया। साथ ही कहा कि मेयर फिरहाद हकीम को नैतिक आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए।
चौधरी ने कहा कि CM ममता ने मेयर को बर्खास्त नहीं किया। मेयर को गिरफ्तार किया जाना चाहिए। कोलकाता मेयर पर राज्य के शहरी विकास मंत्री भी हैं।
चौधरी ने कहा है कि तालाब को भरकर उसपर इमारत इमारत बनाई जा रही थी। हकीम ने अपराध किया है। उनके खिलाफ कोई कार्रवाई क्यों नहीं की जाएगी? अगर उनमें जरा भी नैतिकता है तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ऐसे बिल्डर TMC के लिए आय का स्रोत बन गए हैं। TMC कोलकाता के नागरिकों के भविष्य के साथ खेल रही है।
स्थानीय लोगों ने अवैध निर्माण का आरोप लगाया
पुलिस के मुताबिक, जो बिल्डिंग गिरी, वहां पिछले छह महीने से निर्माण का काम चल रहा था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कोलकाता नगर निगम और पुलिस की अनुमति के बिना कंस्ट्रक्शन हो रहा था।
घटना को लेकर भाजपा विधायक और विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट किया। उन्होंने हादसे की तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा- मेटियाब्रुज स्थित गार्डन रीच एरिया में हजारी मोल्ला बागान में अवैध रूप से निर्मित एक 5 मंजिला इमारत ढह गई है। यह क्षेत्र कोलकाता के मेयर और नगरपालिका मामलों के मंत्री का गढ़ है।