
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) के पूर्व CEO पराग अग्रवाल सहित 4 पूर्व एग्जीक्यूटिव्स ने कंपनी के खिलाफ मुकदमा दायर किया है। इस मुकदमे के जरिए दावा किया है कि कंपनी पर उनका 128 मिलियन डॉलर (करीब 1,061 करोड़ रुपए) बकाया है। ये मुकदमा सेंट फ्रांसिस्को के कोर्ट में दायर किया गया है।
वॉल स्ट्रीट जर्नल ने इसे लेकर एक रिपोर्ट पब्लिश की है। रिपोर्ट के अनुसार मुकदमा दायर करने वालों में ट्विटर के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) रहें पराग अग्रवाल, चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) नेड सेगल, लीगल अफेयर्स एंड पॉलिसी चीफ विजया गड्डे और पूर्व जनरल काउंसिल सीन एडगेट के नाम शामिल हैं।
मस्क ने ट्विटर खरीदा, फिर CEO सहित 4 पूर्व एग्जीक्यूटिव्स को निकाला
अक्टूबर 2022 में एलन मस्क ने ट्विटर खरीदा था। ये डील 44 बिलियन डॉलर में हुई थी। ट्विटर खरीदने के बाद मस्क ने सबसे पहले कंपनी के चार टॉप ऑफिशियल्स पराग अग्रवाल, नेड सेगल, विजया गड्डे और सीन एडगेट को निकाल दिया था। तब पराग अग्रवाल की सैलरी 1 मिलियन डॉलर थी। अभी के हिसाब से रुपए में ये 8.29 करोड़ रुपए के करीब होती है।
नवंबर 2021 में CEO बने थे पराग अग्रवाल
ट्विटर के को-फाउंडर जैक डोर्सी ने 29 नवंबर 2021 को ट्विटर के CEO पद से इस्तीफा दिया था, जिसके बाद पराग अग्रवाल को कंपनी का CEO बनाया गया था। CEO बनने से पहले पराग ट्विटर के चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर थे। CEO के रूप में अग्रवाल की सैलरी 1 मिलियन डॉलर थी। अभी के हिसाब से रुपए में ये 8.21 करोड़ रुपए के करीब होती है।
टॉप 500 कंपनियों के सबसे युवा CEO थे पराग
37 साल के पराग जब ट्विटर के CEO बने थे तब वो दुनिया की टॉप 500 कंपनियों के सबसे युवा CEO थे। IIT बॉम्बे से पढ़ाई करने वाले पराग अग्रवाल स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी से डॉक्टरेट भी हैं। ट्विटर ने 2018 में उन्हें एडम मेसिंजर की जगह चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर बनाया था। ट्विटर से पहले पराग माइक्रोसॉफ्ट रिसर्च और याहू के साथ काम कर चुके हैं।
लिंडा याकारिनो को कंपनी का CEO बनाया
5 जून 2023 को लिंडा याकारिनो ने कंपनी के CEO के तौर पर जॉइन किया था। इससे पहले वो NBC यूनिवर्सल में ग्लोबल ऐडवरटाइजिंग एंड पार्टनरशिप की चेयरमैन थीं। लिंडा को मस्क ने कंपनी का CEO बनाया था। लिंडा से पहले वो खुद ये जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
मस्क ने कहा था लिंडा मुख्य रूप से बिजनेस ऑपरेशन्स पर फोकस करेंगी, जबकि मैं प्रोडक्ट डिजाइन और नई टेक्नोलॉजी पर फोकस करूंगा।
प्लेटफार्म का नाम और लोगो बदलकर X किया
24 जुलाई 23 को एलन मस्क ने सबसे बड़ा बदलाव करते हुए 'ट्विटर' का नाम और लोगो बदलकर X कर दिया था। नाम बदलने पर मस्क ने कहा था- आने वाले महीनों में ट्विटर सभी तरह की फाइनेंशियल सर्विस प्रोवाइड करेगी। ऐसे में ट्विटर नाम का कोई मतलब नहीं है।
वहीं CEO लिंडा याकारिनो ने कहा- AI पावर्ड 'X' हमें उन तरीकों से कनेक्ट करेगा जिनकी हम अभी कल्पना करना शुरू कर रहे हैं।