नई दिल्ली: एक फाइनेंशियल कंपनी की हेड (Financial Executive) को एयर इंडिया (Air India) की फ्लाइट में क्रू मेंबर्स के साथ गलत तरीके से बात करना भारी पड़ गया। ऐसा करने पर फाइनेंशियल कंपनी की हेड को फ्लाइट से नीचे उतार दिया गया। यह मामला दिल्ली से लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट का है। सूत्रों के मुताबिक, यह फाइनेंशियल कंपनी की हेड बीते 5 मार्च को एयर इंडिया की दिल्ली से लंदन जा रही फ्लाइट में बिजनेस क्लास में सवार हुई थी। आरोप है कि उक्त हेड ने एयर इंडिया के क्रू मेंबर्स के साथ बदतमीजी से बात करना शुरू कर दिया। मामला बढ़ने पर क्रू मेंबर्स ने कैप्टन को इसकी जानकारी दी। बिजनेस क्लास में बैठे बाकी पैसेंजर्स को भी इससे परेशानी हो रही थी। फ्लाइट की उड़ान करीब 9 घंटे लंबी थी। इस दौरान यात्रियों को पूरी उड़ान के दौरान होने वाली परेशानियों को देखते हुए कैप्टन ने उक्त हेड के साथ उड़ान नहीं भरने का फैसला किया और उसे फ्लाइट से नीचे उतार दिया गया।उड़ान में हुई देरी
इसके बाद फाइनेंशियल कंपनी की हेड का चेक-इन किया हुआ सामान भी उतारना पड़ा। इसमें समय लगता है। इस पूरी प्रक्रिया की वजह से फ्लाइट की रवानगी में करीब एक घंटे की देर हुई। एयर इंडिया के एक प्रवक्ता के मुताबिक, यह मामला 5 मार्च को एयर इंडिया 161 उड़ान में हुआ है। फ्लाइट में क्रू मेंबर्स के साथ बहस की वजह से बिजनेस क्लास में सवार एक यात्री को कप्तान की सलाह पर उतार दिया गया था।
यात्री ने दिया लिखित आश्वासन
बताया कि एयर इंडिया सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स की सुरक्षा को सबसे ज्यादा प्राथमिकता देता है। इसके लिए नियमों का सख्ती से पालन करता है। ऑफ-बोर्डिंग के बाद एयर इंडिया की फ्लाइट एक घंटे की देरी के साथ रवाना हुई थी। वहीं जिस यात्री को उतारा गया उसे लिखित आश्वासन के बाद अगली उड़ान में बैठने दिया गया। लंदन के लिए अगली फ्लाइट 4 घंटे के बाद रवाना हुई।