चीन के इतिहास का सबसे बड़ा घोटाला, दिवालिया हो चुकी कंपनी ने देश की इकॉनमी को झकझोरा
Updated on
20-03-2024 01:00 PM
नई दिल्ली: चीन में अब तक का सबसे बड़ा फाइनेंशियल फ्रॉड सामने आया है। देश के रेगुलेटर्स ने दिवालिया हो चुकी रियल एस्टेट कंपनी एवरग्रेंड (Evergrande) और उसके फाउंडर पर रेवेन्यू को 78 अरब डॉलर बढ़ाकर दिखाने का आरोप लगाया है। इसे देश का अब तक का सबसे बड़ा घोटाला माना जा रहा है। एवरग्रेंड दुनिया में सबसे ज्यादा कर्ज में डूबी कंपनी है। इस पर 300 अरब डॉलर से ज्यादा कर्ज है। 2021 में कंपनी ने कर्ज के भुगतान में डिफॉल्ट किया था जिसके बाद चीन में रियल एस्टेट का संकट खड़ा हो गया। चीन की इकॉनमी में रियल एस्टेट की हिस्सेदारी करीब 30 फीसदी है। इससे पूरी इकॉनमी के डूबने का खतरा पैदा हो गया है।
चीन के सिक्योरिटीज रेगुलेटरी कमीशन ने एवरग्रेंड ग्रुप की प्रमुख कंपनी हेंगदा रियल एस्टेट पर 58 करोड़ डॉलर का जुर्माना लगाया है। एवरग्रेंड ग्रुप के फाउंडर और चेयरमैन Xu Jiayin पर 65 लाख डॉलर की पेनल्टी लगाई गई है। उन पर कंपनी के फाइनेंशियल स्टेटस को बढ़ाचढ़ाकर दिखाने और नियमों का उल्लंघन करने का आरोप है। कभी चीन के सबसे बड़े रईस रहे Xu Jiayin को हमेशा के लिए सिक्योरिटीज मार्केट से प्रतिबंधित कर दिया गया है। आयोग ने करीब आठ महीने तक चली जांच के बाद एवरग्रेंड की करतूतों को उजागर किया है। जनवरी में हॉन्ग कॉन्ग के एक कोर्ट ने एवरग्रेंड को बेचने का ऑर्डर दिया था।