कभी आईपीएल टीम के मालिक थे, अब कॉपीराइट पर बुरे फंसे सिद्धार्थ माल्या, वीडियो में रोया दुखड़ा
Updated on
10-06-2025 02:49 PM
नई दिल्ली: एक वक्त था जब विजय माल्या और सिद्धार्थ माल्या की एक झलक पाने को लोग बेकरार रहते थे। कैमरामैन की लंबी कतार होती थी और लैविश लाइफ ऐसी कि आंखें चौंधिया जाएं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु में स्टार क्रिकेटरों की भरमार थी, लेकिन पार्टियों की जान ये दोनों पिता-पुत्र हुआ करते थे। यह भी एक समय है कि पिता विजय माल्या फरारी काट रहा और दूसरी ओर, सिद्धार्थ माल्या की लाइफ के वो दिन अब गुजर चुके हैं। कभी आईपीएल टीम के मालिक रहने वाले सिद्धार्थ माल्या अब एक कॉपीराइट के मामले को लेकर भड़के हुए हैं।भगोड़े और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के पूर्व मालिक विजय माल्या के बेटे सिद्धार्थ माल्या ने दावा किया है कि IPL ने उनके टीम के खिताब जीतने का जश्न मनाते हुए भावनात्मक वीडियो को इंस्टाग्राम से हटवा दिया। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने ठीक एक हफ्ता पहले 3 जून को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 का खिताब जीता था, जिसके बाद पूरी क्रिकेटिंग दुनिया इस फ्रेंचाइजी की तारीफों के पुल बांध रही थी। आरसीबी की खिताबी जीत के बाद, माल्या ने टीम की जीत का जश्न मनाते हुए अपना एक भावनात्मक वीडियो साझा किया था।