
पेटीएम पेमेंट्स बैंक लिमिटेड (PPBL) के MD और CEO सुरिंदर चावला ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। PPBL की पेरेंट कंपनी One97 कम्युनिकेशंस ने एक्सचेंज फाइलिंग में आज यह जानकारी दी।
एक्सचेंज फाइलिंग में बताया गया है कि चावला ने व्यक्तिगत कारणों और बेहतर करियर तलाशने के लिए 8 अप्रैल 2024 को इस्तीफा दिया है। कंपनी ने कहा कि उन्हें 26 जून 2024 को रिलीव कर दिया जाएगा।
पेटीएम और पेटीएम पेमेंट बैंक के बीच सभी एग्रीमेंट खत्म
One97 कम्युनिकेशंस ने कहा कि जैसा कि पहले बताया गया था कंपनी और पेटीएम पेमेंट्स बैंक के बीच लगभग सभी एग्रीमेंट खत्म कर दिए गए हैं। 1 मार्च 2024 को PPBL के बोर्ड ने 5 इंडिपेंडेंट डॉयरेक्टर्स के साथ रीऑर्गेनाइज किया है।
फाउंडर विजय शेखर शर्मा ने 26 फरवरी को दिया था इस्तीफा
इससे पहले 26 फरवरी को पेटीएम के फाउंडर विजय शेखर शर्मा पेटीएम पेमेंट्स बैंक के बोर्ड से रिजाइन किया था। वे बैंक के पार्ट टाइम नॉन-एग्जीक्यूटिव चेयरमैन थे।
जनवरी 2023 में MD और CEO बने थे सुरिंदर चावला
सुरिंदर चावला को जनवरी 2023 में ही पेटीएम पेमेंट्स बैंक का MD और CEO नियुक्त किया गया था। तब उन्होंने सतीश कुमार गुप्ता की जगह ली थी, जो अक्टूबर 2022 में रिटायर हुए थे। चावला अपने दो दशक के लंबे करियर में HDFC बैंक, RBL बैंक और स्टैंडर्ड चार्टर्ड बैंक में भी काम कर चुके हैं।
15 मार्च के बाद पेटीएम पेमेंट्स बैंक में डिपॉजिट बंद हुआ
चावला का इस्तीफा ऐसे समय में आया है जब रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया यानी RBI ने प्रूडेंशियल रेगुलेशन यानी नियमों का लंबे समय तक अनुपालन न करने का हवाला देते हुए पेटीएम पेमेंट्स बैंक पर बड़े बिजनेस रिस्ट्रिक्शंस यानी प्रतिबंध लगाए हैं। RBI को पेटीएम की KYC में बड़ी अनियमितताएं मिली थी, जिससे ग्राहक सीरियस रिस्क में आ गए थे।
पेटीएम ने लाखों ग्राहकों की KYC नहीं की थी। लाखों अकाउंट का पैन वैलिडेशन नहीं हुआ था। मल्टीपल कस्टमर्स के लिए सिंगल पैन का इस्तेमाल हो रहा था। कई मौकों पर RBI को बैंक की ओर से गलत जानकारी भी दी गई। आरबीआई को बड़ी संख्या में निष्क्रिय खाते भी मिले थे।
RBI ने 31 जनवरी को सर्कुलर जारी करते हुए कहा था कि 29 फरवरी के बाद पेटीएम पेमेंट बैंक के अकाउंट में पैसा जमा नहीं किया जा सकेगा। इसके बाद RBI ने इस डेडलाइन को 15 मार्च तक बढ़ाई थी। 15 मार्च के बाद पेटीएम पेमेंट्स बैंक में डिपॉजिट बंद हो गया है।
पेटीएम पेमेंट्स बैंक पर ₹5.49 करोड़ का जुर्माना
एक महीने पहले फाइनेंशियल इंटेलिजेंस यूनिट-इंडिया (FIU-IND) ने पेटीएम पेमेंट्स बैंक लिमिटेड पर 5.49 करोड़ रुपए का जुर्माना लगाया था। यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग नियमों का उल्लंघन करने पर की गई थी। FIU-IND ने रिजर्व बैंक सहित दूसरी एजेंसियों के एक्शन की समीक्षा के बाद ये फैसला लिया था।