रेलिगेयर की प्रमुख रश्मि सलूजा ने ऐसा क्या किया एयर इंडिया की फ्लाइट से उतार दी गईं
Updated on
08-03-2024 01:21 PM
नई दिल्ली: रेलिगेयर इंटरप्राइजेज की अध्यक्ष रश्मि सलूजा को हाल में फ्लाइट से उतार दिया गया। यह फ्लाइट लंदन जा रही थी। रश्मि फ्लाइट की 'बिजनेस श्रेणी' में सफर कर रही थीं। चालक दल के सदस्यों के साथ दुर्व्यवहार के आरोप में पांच मार्च को दिल्ली हवाई अड्डे पर उन्हें उतार दिया गया था। सूत्रों ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह घटना उड़ान संख्या एआई 161 पर उड़ान भरने के लिए निर्धारित पुशबैक से पहले हुई। उड़ान के कप्तान की सलाह के बाद सलूजा को विमान से उतार दिया गया।एयर इंडिया के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि बिजनेस क्लास में यात्रा कर रही एक यात्री को निर्धारित पुशबैक से पहले चालक दल के सदस्यों के साथ कुछ बहस के बाद कैप्टन की सलाह पर विमान से उतार दिया गया। हालांकि, एयर इंडिया ने घटना में शामिल यात्री का नाम नहीं बताया, लेकिन एक जानकार सूत्र ने बताया कि यह यात्री रश्मि सलूजा थीं। एक अन्य सूत्र ने कहा कि यात्री ने चालक दल के सदस्यों के साथ अभद्र व्यवहार किया।