
भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रेल परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे, जिसमें अमृत भारत रेलवे स्टेशन योजना के अंतर्गत रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास व ओवर ब्रिजों, अंडरपास का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। स्थानीय स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डा मोहन यादव 11.30 पर सीहोर हेलीपेड पहुचेंगे। इसके बाद रोड शो करते हुए स्टेशन पहुंचकर कार्यक्रम में शामिल होंगे।
उल्लेखनीय है कि देश के 544 रेलवे स्टेशन पुनर्विकास के लिए चुने गए हैं। इसमें मध्य प्रदेश के 33 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास भी शामिल किया गया है।
15 हजार 143 करोड़ रुपये की राशि मंजूर
मध्य प्रदेश में रेल अधोसंरचना के विकास के अंतर्गत वर्तमान वर्ष में 15 हजार 143 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की गई है। प्रदेश में 77 हजार 800 करोड़ से अधिक की 32 परियोजनाएं क्रियान्वित हो रही हैं।
133 रोड ओवर ब्रिज एवं अंडरपास का भी शिलान्यास, शुभारंभ
प्रधानमंत्री राज्य के 133 रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) एवं अंडरपास का भी शिलान्यास एवं उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव सीहोर के कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री आज ही श्योपुर जिले में पालपुर कूनो में चीता मित्रों को साइकिल भी वितरित करेंगे। यहीं चीता परियोजना से संबंधित बैठक भी आयोजित होगी। इस बैठक में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव भी शामिल होंगे।