
अमेरिकी बिजनेसमैन और टेस्ला के ओनर एलन मस्क ने पर्सनल कंप्यूटर और लैपटॉप में बेसिक फंक्शनैलिटी के लिए भी माइक्रोसॉफ्ट अकाउंट बनाने के जरूरत की आलोचना की है। मस्क ने इसे प्राइवेसी के लिए चिंताजनक और गड़बड़ बताया है।
मस्क ने अपने सोशल मीडिया हैंडल X पर लिखा, 'मैंने एक नया PC लैपटॉप खरीदा है और यह माइक्रोसॉफ्ट अकाउंट बनाए बिना यूज करने के लिए परमिशन नहीं दे रहा है। इसका मतलब है कि मैं अपने कंप्यूटर में उसके AI को एक्सेस दे दूं।'
मस्क ने माइक्रोसॉफ्ट के CEO सत्य नडेला को मैसेज किया
उन्होंने कहा कि पहले साइन इन को 'स्किप' करने या 'माइक्रोसॉफ्ट अकाउंट' बनाने का ऑप्शन मिलता था। मस्क ने इसके लिए माइक्रोसॉफ्ट के CEO सत्य नडेला को डायरेक्ट मैसेज (DM) भी किया और अपने लैपटॉप और कंप्यूटर से जुड़ी समस्याओं के बारे में बताया।
इसके बाद X पर कई यूजर्स ने इस पर डिस्कशन करना शुरू कर दिया। एक यूजर ने लिखा, माइक्रोसॉफ्ट अकाउंट बनाना विंडोज PC के लिए एक स्टैंडर्ड प्रैक्टिस है, जो क्लाउड स्टोरेज, ऐप डाउनलोड और सिस्टम अपडेट जैसी सुविधाएं प्रदान करता है। कई यूजर्स ने मस्क को माइक्रोसॉफ्ट अकाउंट बनाए बिना एक्सेस करने तरीके भी बताए।
X पर लोगों ने बताया बिना लॉगिन कैसे एक्सेस होगा?
आर्सन स्लोडोव नाम के एक अन्य यूजर ने मस्क को सलाह देते हुए लिखा, 'आप इससे (माइक्रोसॉफ्ट अकाउंट बनाने से) बच सकते हैं। इसके लिए आप शिफ्ट + F10 दबाएं, OOBEBYPASSNRO, लोकल अकाउंट मैजिक टाइप करें।'
हालांकि अपने पहले पोस्ट और लोगों के सलाह के कुछ घंटों के बाद उन्होंने एक अन्य पोस्ट में बिना लॉगिन के एक्सेस होने की जानकारी दी। एक पोस्ट में उन्होंने लिखा, 'आखिरकार इसमें सफलता मिली, धन्यवाद। मेरा लैपटॉप बिना पासवर्ड के एक लोकल वाई-फाई से ऑटोमेटिकली कनेक्ट हो गया। इसके बाद मैने डिसिलेक्ट के ऑप्शन पर क्लिक कर लॉगिन को स्कीप कर दिया।'