विस्तारा की 100 से अधिक फ्लाइट कैंसल, दो और कंपनियां आ सकती हैं चपेट में, बढ़ सकता है किराया
Updated on
03-04-2024 02:03 PM
नई दिल्ली: देश के एविएशन सेक्टर में तेजी से उड़ान भर रही विस्तारा एयरलाइंस (Vistara Airlines) के सामने अचानक संकट खड़ा हो गया है। बीमारी का हवाला देते हुए बड़ी संख्या में पायलट सिक लिव पर जा रहे हैं। इससे हवाई जहाजों को उड़ाने के लिए पर्याप्त संख्या में पायलट और क्रू मेंबर नहीं मिल रहे और इस कारण सोमवार और मंगलवार को दो दिनों में ही विस्तारा की दिल्ली, मुंबई और अन्य शहरों से टेक ऑफ होने वाली 100 से अधिक फ्लाइट कैंसल हो गईं। कम से कम इतनी ही फ्लाइट आधा घंटे और इससे काफी देरी से टेक ऑफ कर सकीं। फ्लाइट कैंसल होने की यह संख्या मंगलवार-बुधवार की देर रात तक 70 तक पहुंच सकती है। फ्लाइट के कैंसल और डिले होने से विस्तारा से उड़ान भरने वाले यात्रियों के सामने बड़ी दिक्कत हो रही है।