भोपाल। मार्च का महीना शुरू हो चुका है, लेकिन सर्दी अभी भी विदा होने को तैयार नहीं है। पिछले दिनों उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में जबर्दस्त बर्फबारी हुई। हवाओं का रुख भी फिलहाल उत्तरी व उत्तर-पूर्वी है। उत्तर की ओर से आ रही सर्द हवाओं के असर से राजधानी भोपाल समेत प्रदेश के कुछ हिस्सों में सर्दी फिर बढ़ गई है। हालांकि भोपाल में मौसम शुष्क और आसमान साफ है। इससे दिन में अच्छी धूप खिल रही है। लेकिन रात में सिहरन बरकरार है।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक भोपाल शहर में बुधवार को न्यूनतम तापमान 15.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो लगभग सामान्य रहा। साथ ही यह पिछले दिन के न्यूनतम तापमान के मुकाबले 2.1 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। वहीं मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से करीब 04 डिग्री सेल्सियस कम रहा। मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन-चार दिन मौसम में खास बदलाव के आसार नहीं है। इस दौरान दिन व रात के तापमानों में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार वर्तमान में दक्षिणी छत्तीसगढ़ के ऊपर समुद्रतल से 0.9 किमी की ऊंचाई पर एक चक्रवातीय परिसंचरण मौजूद है, जिसके कारण पूर्वी हवाओं के साथ मप्र में उष्णता का प्रभाव धीरे-धीरे बढ़ रहा है। उधर, अफगानिस्तान की ओर आया पश्चिमी विक्षोभ 05-06 मार्च की दरमियानी रात उत्तर भारत में प्रवेश कर चुका है। हालांकि इसकी तीव्रता कमजोर होने की वजह से प्रदेश के मौसम पर इसका खास असर नहीं पड़ेगा। 10 मार्च के बाद प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल सकता है।