स्मृति मंधाना की शानदार फॉर्म जारी
मंधाना दोनों खिलाड़ियों में आक्रामक खेल रही थीं, उन्होंने बेहतरीन स्ट्रोक्स लगाए। मंधाना का 14वां वनडे शतक इस कैलेंडर वर्ष में उनका पांचवां सैकड़ा भी था। इस तरह वह ऑस्ट्रेलियाई महान खिलाड़ी मेग लैनिंग के किसी भी महिला खिलाड़ी द्वारा सर्वाधिक वनडे शतकों (15) के रिकॉर्ड को तोड़ने के भी करीब पहुंच गईं हैं। मंधाना ने 18वें ओवर में अपना लगातार तीसरा अर्धशतक पूरा किया और साथ ही रावल के साथ शतकीय साझेदारी भी पूरी की।बल्कि दोनों खिलाड़ियों के बीच पहले विकेट के लिए 212 रन की साझेदारी न केवल इस विश्व कप में आठों टीमों के बीच किसी भी विकेट के लिए सर्वश्रेष्ठ भागीदारी है बल्कि विश्व कप इतिहास में भारत के लिए भी किसी भी विकेट के लिए सर्वश्रेष्ठ साझेदारी है। रावल ने मंधाना के लिए एक आदर्श जोड़ीदार के रूप में अपनी योग्यता साबित की और अपना पहला विश्व कप शतक जड़ा। यह उनकी कुल दूसरी शतकीय पारी थी।
दाएं हाथ की इस बल्लेबाज ने 134 गेंद में 13 चौकों और दो छक्कों की मदद से 122 रन बनाए जिसमें 63 डॉट बॉल थीं। वह आखिर में 43वें ओवर में पवेलियन लौट गईं। न्यूजीलैंड ने 34वें ओवर में मंधाना का विकेट झटककर पहली सफलता हासिल की और रोड्रिक्स ने तीसरे नंबर पर तेज तर्रार पारी खेली। रोड्रिग्स ने 46वें ओवर में ईडन कार्सन पर तीन चौके लगाए।
