नई दिल्ली: देश की सबसे बड़ी सरकारी जीवन बीमा कंपनी लाइफ इश्योरेंस कॉर्पोरेशन (LIC) के 1.10 लाख से ज्यादा कर्मचारियों को खुशखबरी मिली है। कर्मचारियों की सैलरी में 17 फीसदी की बढ़ोतरी को मंजूरी (LIC Salary Hike) दे दी गई है। एलआईसी के कर्मचारियों के वेतन में बढ़ोतरी पर यह मंजूरी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक कर्मचारियों के लिए इसी तरह की बढ़ोतरी को मंजूरी देने के कुछ दिनों बाद आई है। देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी ने कहा कि एलआईसी कर्मचारियों के लिए वेतन वृद्धि का यह फैसला एक अगस्त, 2022 से प्रभावी है।इसके साथ एलआईसी में एक अप्रैल, 2010 के बाद शामिल हुए लगभग 24,000 कर्मचारियों का एनपीएस योगदान 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 14 प्रतिशत कर दिया गया है।
इसके साथ ही, एलआईसी के 30,000 से ज्यादा पेंशनर्स और फैमिली पेंशनर्स को वन-टाइम एक्स-ग्रेसिया पेमेंट्स को मंजूरी दी गई है। इस सप्ताह की शुरुआत में सरकार ने एक नवंबर, 2022 से सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक कर्मचारियों के लिए 17 प्रतिशत वेतन वृद्धि पर सहमति जताई थी।
इससे पहले केंद्र सरकार के कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) में सरकार ने 4 फीसदी का इजाफा किया था। यह बढ़कर 50 फीसदी हो गया है। नई दर एक जनवरी, 2024 से लागू हैं। केंद्रीय मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति (सीसीईए) ने यह फैसला लिया था। इस फैसले की जानकारी केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने दी थी। महंगाई भत्ते (डीए) में बढ़ोतरी का केंद्रीय कर्मचारियों को बेसब्री से इंतजार था। यह कर्मचारियों के वेतन का एक कम्पोनेंट होता है। इसका मकसद महंगाई के असर को कम करना होता है। डीए के बढ़कर 50 फीसदी तक पहुंचने से अन्य भत्तों और सैलरी कम्पोनेंट में भी बढ़ोतरी हुई है।