
मप्र के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर वेंकटेश अय्यर इनकम टैक्स इंस्पेक्टर बन गए हैं। उन्हें गुरुवार काे भाेपाल मुख्यालय में 14 अन्य खिलाड़ियों के साथ नियुक्ति पत्र दिए गए। विभाग ने कुल 15 खिलाड़ियों को याेग्यता अनुसार विभिन्न पदाें पर नियुक्ति दी है। इनमें वेंकटेश समेत 4 क्रिकेटर, 3 एथलेटिक्स, 3 टेनिस, 3 टेबल-टेनिस, तैराकी और वाॅटरस्पाेर्ट्स के 1-1 खिलाड़ी शामिल हैं। इंदौर के वेंकटेश ने देश के लिए दाे वनडे और 9 टी-20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं। वर्तमान में कोलकाता नाइट राइडर्स से आईपीएल खेल रहे हैं। मप्र की तीनाें फार्मेंट की टीमाें में खेल रहे हैं।
इनकम टैक्स मप्र-छत्तीसगढ़ के प्रिंसिपल चीफ कमिश्नर माेहनीश वर्मा ने अपाइंटमेंट लेटर साैंपे। इस दाैरान छग के चीफ कमिश्नर वीर बिरसा इक्का और मप्र क्रिकेट एसाेसिएशन के प्रेसिडेंट अभिलाष खांडेकर भी उपस्थित थे।
इन्हें मिली नौकरी : रणजी कप्तान शुभम शर्मा टैक्स असिस्टेंट टीए, क्रिकेटर यश दुबे और मिहिर हिरवानी मल्टी टास्ट स्टाॅफ एमटीएस , एथलीट सपना कुमारी टीए, परवीन एमटीएस, पारस एमटीएस, टेनिस प्लेयर उदित कंभाेज टीए, राघव जयसिंघानी, सारा यादव एमटीएस, टेबल टेनिस प्लेयर साैम्यदीप सरकार स्टेनाे, वरुण शंकर बालूसुरी, दीपानविता बसु एमटीएस स्विमर प्रुथविक टीए और केनाे सलालम प्लेयर शिखा चाैहान एमटीएस।