क्या गाड़ियों की बिक्री में बढ़ रहा है सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर का रोल देखें क्या हैं आंकड़े
Updated on
12-03-2024 12:47 PM
नई दिल्ली: भारतीय पैसिंजर वाहन इंडस्ट्री ने 3.90 मिलियन गाड़ियों की बिक्री के साथ FY23 में ऐतिहासिक 27 फीसदी की बढ़ोतरी देखी। कोराना महामारी के बाद से यह लगातार बढ़ रहा है। इसमें सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर का अहम रोल रहा है। चूंकि इन्फ्लूएंसर्स की वजह से खरीदार शोरूम में कदम रखने से पहले गाड़ियों के बारे में बहुत कुछ जानते हैं, इसलिए ज्यादातर वाहन निर्माताओं को अपने प्रॉडक्ट के बारे में ज्यादा बताने और उनकी बिक्री में दिक्कत नहीं आती है। इन्फ्लूएंसर्स जो कंटेंट तैयार करते है, सोशल मीडिया की वजह से उसकी पहुंच पूरे देश में होती है। इससे किसी खास प्रॉडक्ट के बारे में लोगों के बीच पहले से ही जानकारी रहती है। इकॉनमिक टाइम्स के मुताबिक, Maruti Suzuki बड़े पैमाने पर ऐसे सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर का उपयोग कर रही है। खासकर पिछले कुछ वर्षों में, टारगेट कंस्यूमर्स और नए बाजारों में जागरूकता पैदा करने के इनका इस्तेमाल किया जा रहा है।
Maruti Suzuki के सीनियर एग्जिक्युटिव डायरेक्टर (मार्केटिंग और सेल्स) शशांक श्रीवास्तव का कहना है कि आज के समय में कार खरीदने से पहले एक खरीदार तमाम तरह के रिसर्च करते हैं। इन्फ्लूएंसर लोगों के निर्णय लेने की प्रक्रिया में ऑटो कंपनियों के लिए बहुत बड़ी भूमिका निभा सकते हैं। क्योंकि उनकी पहचान एक निष्पक्ष बात करने वाले के रूप में होती है। पिछले कुछ वर्षों में, Maruti ने Grand Vitara और Jimny जैसे अपने कई प्रमुख प्रॉडक्ट लॉन्च में सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर्स का इस्तेमाल किया है।