इस देश में क्रेडिट कार्ड से चल रही लोगों की जिंदगी, रेकॉर्डतोड़ महंगाई से रोजमर्रा के सामान खरीदना भी मुश्किल
Updated on
30-04-2024 04:40 PM
नई दिल्ली: महंगाई की मार से तुर्की के लोग परेशान हैं। बीते मार्च के महीने में तुर्की (Turkey) का सालाना इंफ्लेशन रेट (Inflation) बढ़कर 68.5 फीसदी हो गया था। महंगाई इस कदर बढ़ गई है कि लोगों के लिए रोजमर्रा के सामान खरीदना भी मुश्किल होता जा रहा है। हाल ये है कि लोग अब मूलभूत जरूरतों जैसे खाने और रहने के लिए भी क्रेडिट कार्ड पर निर्भर हो गए हैं। इंफ्लेशन रेट बढ़ने से लोगों की सैलरी कम हो गई है। अब लोगों को आम चीजें खरीदने के लिए भी दो बार सोंचना पड़ रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, तुर्की में न्यूनतम वेतन 17,000 लीरा (524 अमेरिकी डॉलर) प्रति माह है, जबकि ग़रीबी रेखा 25,000 लीरा (768 अमेरिकी डॉलर) से ऊपर है। खाने-पीने के सामानों की कीमतें लगातार बढ़ती जा रही हैं। यही लोगों की परेशानी की सबसे बड़ी वजह बन गया है। आर्थिक सहयोग और विकास संगठन यानी आईसीडी से जुड़े देशों में तुर्की में ही महंगाई सबसे ज्यादा है।