जानकारों का कहना है कि इस सप्ताह शेयर बाजार की चाल वैश्विक रुझानों, व्यापक आर्थिक आंकड़ों और कंपनियों के तिमाही नतीजों से प्रभावित होगी। ईद-उल-फितर के मौके पर गुरुवार को शेयर बाजार बंद रहेंगे। कारोबारियों ने बताया कि विदेशी निवेशकों का रुख, रुपये-डॉलर के रुझान और कच्चे तेल की कीमतें भी उतार-चढ़ाव से भी बाजार की दिशा तय होगी। स्वस्तिका इन्वेस्टमार्ट लिमिटेड के अनुसंधान प्रमुख संतोष मीना ने कहा कि भारतीय कंपनियां इस सप्ताह चौथी तिमाही के वित्तीय नतीजों की घोषणा शुरू करेंगी। इस क्रम में आईटी सेवा कंपनी टीसीएस सबसे पहले अपने नतीजे घोषित करने वाली है। टीसीएस के नतीजे 12 अप्रैल को जारी होंगे। भारत के औद्योगिक उत्पादन के आंकड़े भी 12 अप्रैल को घोषित किए जाएंगे और इसी दिन मार्च के लिए महंगाई के आंकड़े भी आएंगे। पिछले हफ्ते बीएसई बेंचमार्क 596.87 या 0.81 फीसदी चढ़ गया। सूचकांक चार अप्रैल को 74,501.73 के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया।
