यूक्रेन जंग पर बनी डॉक्यूमेंट्री को मिला ऑस्कर:20 डेज इन मारियुपोल में रूस की बर्बरता दिखाई, एक महीने में 20 हजार मौतें हुई थीं

Updated on 12-03-2024 12:08 PM

'20 डेज इन मारियुपोल' को बेस्ट डॉक्यूमेंट्री फिल्म का ऑस्कर अवॉर्ड मिला है। फिल्म में रूसी हमले से तबाह हुआ यूक्रेनी शहर मारियूपोल दिखाया गया है। 24 फरवरी 2022 को शुरू हुई रूस-यूक्रेन जंग के एक महीने में यह शहर 90% तबाह हो गया था। फिल्म के कई शॉट्स तब ही रिकॉर्ड किए गए थे।

एसोसिएटेड प्रेस (AP) और PBS फ्रंटलाइन ने मिलकर ये डॉक्यूमेंट्री बनाई है। फिल्ममेकर और फोटो-वीडियो जर्नलिस्ट मस्टीस्लाव चेर्नोव इसके डायरेक्टर हैं।

चेर्नोव ने अवॉर्ड लेते हुए कहा- 'काश यह फिल्म बनाने की जरूरत नहीं पड़ती। काश रूस ने यूक्रेन पर कभी हमला किया ही नहीं होता। मैं चाहता हूं कि सीजफायर हो जाए। सभी लोग आजादी से रहें। मारियुपोल के वो लोग जिन्होंने अपनी जान दी है, उन्हें कभी नहीं भुलाया जाएगा, क्योंकि सिनेमा यादें बनाता है और यादें इतिहास बनाती हैं। ग्लोरी टू यूक्रेन।'

हमले शुरू होने से एक घंटे पहले मारियुपोल पहुंचे थे डायरेक्टर
न्यूज एजेंसी AP के वीडियो जर्नलिस्ट मस्टीस्लाव चेर्नोव जंग शुरू होने से एक घंटा पहले मारियुपोल पहुंचे थे। वो 20 दिन यहां रहे। उन्होंने तबाह हुई इमारतें, रोते-बिलखते लोग, बच्चों-महिलाओं की लाशें, अस्पतालों-थिएटरों पर बमबारी और सामूहिक कब्रों को रिकॉर्ड किया।

उन्होंने जो रिकॉर्डिंग की वो करीब 30 घंटे की थी। इसमें से शॉट्स काटे गए। डॉक्यूमेंट्री फिल्म तैयार की गई। इसके शुरुआती 40 मिनट में ही रूसी सैनिकों की क्रूरता दिख गई।

एक महीने में 20 हजार लोग मारे गए थे
यूक्रेन के अधिकारियों का दावा है कि एक महीने में मारियुपोल में रूसी सेना की बमबारी से सड़कों पर ही 20 हजार लोग मारे गए। इसमें महिलाएं, बच्‍चे, बुजुर्ग शामिल हैं। इन्हें दफन करने रूसी सैनिकों ने 200 सामूहिक कब्रें खोदी थीं। 90% शहर तबाह हो गया था। मारियुपोल का संपर्क भी बाहरी दुनिया से कट गया था। बाद में इस शहर पर रूसी सेना ने कब्जा कर लिया था।

रूस ने थिएटर पर हमला कर 600 लोगों की जान ली थी
रूसी सेना ने मारियुपोल में एक ड्रामा थिएटर पर मिसाइलें दागी थीं। इसके बेसमेंट में 1300 बच्चों-महिलाओं ने शरण ली थी। हमले में 600 लोग मारे गए थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक जिस थिएटर पर हमला हुआ उस पर 'बच्चे' लिखा था।

दरअसल, जब रूस की सेना मारियुपोल में घुसी तो लोगों ने हवाई हमलों से बचने के लिए थिएटर में शरण ली थी, इनमें कई बच्चे भी शामिल थे। रूस की सेना उस पर हमला न करे इसके लिए दोनों तरफ रूसी भाषा में 'बच्चे' लिख दिया गया। फिर भी रूस ने थिएटर पर 16 मार्च 2022 को करीब 10 बजे 500 किलो के दो बम दाग दिए।

इस दौरान थिएटर में 1200 के करीब लोग थे। जिनमें से करीब 600 लोगों की जान चली गई थी।

पुतिन के विरोधी नेवलनी पर बनी डॉक्यूमेंट्री ने 2022 में ऑस्कर जीता था
पिछले साल रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन के विरोधी अलेक्सी नेवलनी पर बनी डॉक्यूमेंट्री ने ऑस्कर अवॉर्ड जीता था। इस डॉक्यूमेंट्री का नाम 'नेवलनी' है। इसे बेस्ट डॉक्यूमेंट्री 2022 का खिताब मिला।

अमेरिकी कंपनी CNN और HBO ने मिलकर ये डॉक्यूमेंट्री बनाई थी। इसमें साइबेरिया में नेवलनी पर हुए जानलेवा हमले से लेकर उनके रूस जाने और वहां गिरफ्तार होने की कहानी है।

डॉक्यूमेंट्री में नेवलनी के रूस में लोकतंत्र लाने और पुतिन के खिलाफ संघर्ष और इस दौरान झेली गई परेशानियों को दिखाया गया है। 2020 में नेवलनी पर जहरीले नर्व एजेंट से हमला हुआ था। माना गया था कि ये रूस की सरकार ने करवाया था।

डॉक्यूमेंट्री और फीचर फिल्मों को कैसे नॉमिनेट किया जाता है...
मानिए एक देश से एक फिल्म भेजी गई। इसमें इंडिपेंडेंट कैटेगरी भी होती है। एकेडमी सभी ब्रांचेज के सदस्यों को इस इंटरनेशनल फीचर की कैटेगरी में वोट करने की अनुमति देता है। सदस्य फिल्में देखकर हर फिल्म को अपना स्कोर देते हैं। इसके जरिए फिल्में पहले शॉर्टलिस्ट की जाती हैं।

फाइनल नॉमिनीज के लिए वो सदस्य ही वोट कर सकते हैं, जिन्होंने सभी डॉक्यूमेंट्री या फिल्में देखी हैं। इसके बाद सबसे ज्यादा वोट हासिल करने वाली फिल्मों को अवॉर्ड के लिए चुना जाता है।


Advt.

अन्य महत्वपुर्ण खबरें

 29 April 2026
वॉशिंगटन/इस्लामाबाद: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार 26 अप्रैल को ईरान को नई चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि ईरान के पास युद्ध खत्म करने के लिए समझौते पर राजी होने…
 29 April 2026
वॉशिंगटन: वॉशिंगटन में वाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट एसोसिएशन के डिनर में गोलीबारी हुई है। यह गोलीबारी ऐसे समय हुई, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप वहां मौजूद थे। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप…
 29 April 2026
इस्लामाबाद: पाकिस्तान ने एक बार फिर सिंधु जल संधि के मुद्दे पर भारत को घेरने की कोशिश की है। भारत की ओर से जम्मू कश्मीर में हाइड्रो-इलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट्स के निर्माण…
 29 April 2026
कोलंबो: श्रीलंका और भारत ने एक बार फिर से हिंद महासागर की सुरक्षा के लिए एक द्विपक्षीय डाइविंग अभ्यास किया है। IN-SLN DIVEX 2026 अभ्यास के चौथे संस्करण के जरिए दोनों…
 28 April 2026
काठमांडू: नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह बीते कुछ समय से लगातार चर्चा में है। अपने मंत्रियों पर आरोपों को लेकर घिरे बालेन शाह अब एक नए विवाद में फंस गए…
 28 April 2026
त्रिपोली: भारत सरकार के स्वामित्व वाली कंपनी ऑयल इंडिया ने अपने अंतरराष्ट्रीय पोर्टफोलियो का विस्तार किया है। ऑयल इंडिया के लिए लीबिया से अच्छी खबर आई है, जहां उसे तेल…
 28 April 2026
न्यूयॉर्क: रूस ने बहुत बड़ी घोषणा करते हुए होर्मुज स्ट्रेट में ईरान के अधिकार का समर्थन कर दिया है। ये अमेरिका और पश्चिमी देशों के साथ साथ भारत और चीन के…
 28 April 2026
बिश्केक: भारतीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शंघाई सहयोग संगठन (SCO) की बैठक के दौरान आतंकवाद को लेकर चीन और पाकिस्तान को एक साथ नसीहत दी है। किर्गिस्तान के बिश्केक में…