कोको, जूस, तेल, शुगर, चॉकलेट... साल 2019 से 50% से ज्यादा महंगे हो चुके हैं ये 100 फूड आइटम
Updated on
09-04-2024 02:58 PM
नई दिल्ली: महंगाई से पूरी दुनिया परेशान है। खासकर साल 2019 के बाद खाने पीने की चीजें काफी महंगी हुई हैं। महंगाई पर काबू करने के लिए विभिन्न देशों के केंद्रीय बैंकों ने ब्याज दरों में काफी बढ़ोतरी की है। दुनिया की सबसे बड़ी इकॉनमी वाले देश अमेरिका में 100 से अधिक फूड आइटम्स की कीमत 50 फीसदी से अधिक बढ़ी है। इस दौरान सबसे ज्यादा तेजी कोको की कीमत में देखने को मिली है। इसका इस्तेमाल चॉकलेट बनाने में किया जाता और इसका अधिकांश उत्पादन पश्चिम अफ्रीकी देश घाना और आइवरी कोस्ट में होता है। अल नीनो प्रभाव के कारण वहां सूखे की स्थिति पैदा हो गई है। इस वहां कोको का उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है। इस कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कोको की कीमत ऑल-टाइम हाई पर पहुंच चुकी है। पिछले एक महीने में ही इसकी कीमत लगभग दोगुनी हो चुकी है। इससे चॉकलेट की कीमत में भी तेजी आई है। कोको की कीमत 2019 के बाद से सबसे ज्यादा 345 परसेंट बढ़ी है।