भोपाल। प्रदेश के साथ-साथ राजधानी भोपाल में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। प्रदेश के आसपास बनी मौसम प्रणालियां कमजोर पड़ गई हैं। उत्तरी पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी हो रही है। भोपाल में मौसम शुष्क है। हवाओं का रुख फिलहाल उत्तरी व उत्तर-पूर्वी हो गया है। उत्तर की ओर से आ रही सर्द हवाओं के असर से एक बार फिर सिहरन बढ़ गई है। अधिकतम व न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे बने हुए हैं। बीते लगातार तीन दिन से दिन का पारा लुढ़क रहा है। आसमान साफ होने से रात में भी ठंडक बरकरार है।
दिन-रात का पारा सामान्य से कम
मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक भोपाल शहर में पिछले चौबीस घंटों के दौरान अधिकतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दिन के मुकाबले 1.1 डिग्री और सामान्य से 4.3 डिग्री तक कम रहा। इसके तीन दिन पहले भोपाल में अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस तक था। वहीं मंगलवार को भोपाल में न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य तापमान के मुकाबले 3.1 डिग्री सेल्सियस तक कम रहा। सोमवार को भोपाल में 10 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया था।
पश्चिमी विभोक्ष रहेगा बेअसर
मौसम विभाग के वरिष्ठ विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान के ऊपर बना हुआ है, जिसके आगे बढ़कर आज रात तक उत्तर भारत में प्रवेश करने की संभावना है। हालांकि इसका मप्र के मौसम पर खास असर नहीं होगा। आसमान साफ है। अच्छी धूप खिल रही है, जिससे दिन के तापमान में उछाल आ सकता है। वहीं रात में ठंडक बरकरार रहेगी। अगले 48 घंटों के दौरान मौसम में खास बदलाव के आसार नहीं हैं।