एवरेस्ट और MDH के लिए इस देश से भी आई बुरी खबर, वापस बुलानी पड़ सकती है मसालों की खेप
Updated on
30-04-2024 04:42 PM
नई दिल्ली: मसाला बनाने वाली भारतीय कंपनियों एमडीएच और एवरेस्ट की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। सिंगापुर और हॉन्ग कॉन्ग ने इस कंपनियों के प्रॉडक्ट्स पर बैन लगा दिया है जबकि अमेरिका ने उन्हें वॉच लिस्ट में डाल दिया है। अब ऑस्ट्रेलिया ने भी एमडीएच और एवरेस्ट के प्रॉडक्ट्स को निगरानी लिस्ट में डाल दिया है। फूड स्टैंडर्ड्स ऑस्ट्रेलिया न्यूजीलैंड (FSANZ) ने मंगलवार को कहा कि वह एमडीएच और एवरेस्ट के मसालों में कीटनाशक पाए जाने के आरोपों की जांच कर रहा है। आरोपों के सही पाए जाने पर ऑस्ट्रेलिया से भी इन कंपनियों के उत्पादों को वापस मंगाना पड़ सकता है। हॉन्ग कॉन्ग और सिंगापुर में इन मसालों पर बैन लगने के बाद उनकी खेप वापस मंगाई गई थी। इन देशों का दावा है कि इन कंपनियों के कुछ प्रॉडक्ट्स में एथिलीन ऑक्साइड का स्तर मान्य लेवल से ज्यादा पाया गया है। इस केमिकल से कैंसर होने का खतरा रहता है।