
भोपाल। पुराने शहर के कायस्थपुरा में स्थित प्राचीन श्री बड़वाले महादेव मंदिर में इन दिनों महाशिवरात्रि पर्व का उल्लास छाया है। भगवान भोलेनाथ और माता पार्वती के विवाह की तैयारियां की जा रही हैं। 02 मार्च से 21 दिवसीय महाशिवरात्रि महोत्सव शुरू हो चुका है, जिसके तहत रोज मंदिर में मांगलिक आयोजन हो रहे हैं। महादेव और मां पार्वती के विवाह की रस्में निभाई जा रही हैं। इसी सिलसिले में बुधवार शाम बाबा बटेश्वर एवं मां पार्वती को हल्दी और मेहंदी लगाई जाएगी। समिति के संयोजक संजय अग्रवाल व प्रमोद नेमा ने बताया कि बुधवार को शाम सात बजे बाबा बटेश्वर को फूलों से सुसज्जित मंच पर विराजमान कर महिलाएं हल्दी व मेहंदी लगाएंगी। बन्ना-बन्नी एवं हल्दी के गीत भी गाए जाएंगे।