पशुपति पारस के इस्तीफे के बाद खाद्य और प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय अब इनको, राष्ट्रपति से मिल गई मंजूरी
Updated on
20-03-2024 01:10 PM
नई दिल्ली: लोकसभा चुनाव से पहले पशुपति पारस (Pashupati Paras) ने केंद्रीय मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह बिहार में एनडीए के बीच हुए सीट बंटवारे में एक भी सीट नहीं मिलने से नाराज थे। पशुपति पारस ने इस्तीफा देने हुए कहा कि उनकी पार्टी के साथ नाइंसाफी हुई है। पशुपति पारस ने प्रेस कांफ्रेंस करके इस्तीफा देने का ऐलान किया है। पशुपति पारस मोदी सरकार में खाद्य और प्रसंस्करण (Ministry of Food Processing Industries) मंत्री थे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। अब पारस की जिम्मदारी कैबिनेट मंत्री किरेन रिजिजू (Kiren Rijiju) संभालेंगे। राष्ट्रपति भवन ने कहा कि पृथ्वी विज्ञान मंत्री किरेन रीजीजू को खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, किरेन रिजिजू आज यानी बुधवार को दोपहर 12.30 बजे खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय, नई दिल्ली के पंचशील भवन स्थित कार्यालय में मंत्री, एफपीआई का कार्यभार संभालेंगे। राष्ट्रपति ने निर्देश दिया है कि कैबिनेट मंत्री किरेन रिजिजू को उनके मौजूदा पोर्टफोलियो के अलावा, फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्रीज मंत्रालय का प्रभार सौंपा जाए।